Edited By Neetu Bala, Updated: 21 Sep, 2026 01:58 PM

जम्मू-कश्मीर के जम्मू जिले की तहसील अरनिया के एक गांव में 40 वर्षीय महिला सुषमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
जम्मू (तनवीर सिंह) ( मुकेश ): आर.एस. पुरा के सीमावर्ती गांव सई सरदारी में रविवार को 38 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सुषमा देवी पत्नी करनैल सिंह, निवासी सई सरदारी, तहसील सुचेतगढ़ के रूप में हुई है। महिला का शव घर की छत के साथ फंदे पर लटका हुआ पाया गया।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि सुषमा देवी को उसके पति और ससुराल पक्ष की ओर से अक्सर प्रताड़ित किया जाता था तथा उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। परिजनों ने आशंका जताई कि महिला ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति भी बनी रही।
बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति और ससुराल पक्ष के साथ पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। वह अक्सर अपने मायके में रहती थी और करीब आठ महीने तक भी मायके में रही थी। कुछ समय पहले ही वह वापस ससुराल आई थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SDH आर.एस. पुरा पहुंचाया। पुलिस ने महिला के पति और चाचा ससुर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
वहीं, महिला की मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोगों में रोष देखने को मिला है। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने ससुराल के घर में आग लगा दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला को ससुराल में कथित तौर पर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here