तवी पुल से गूंजा 'Jammu State' का नारा, कई संगठनों से खोला संघर्ष का मोर्चा

Edited By Neetu Bala, Updated: 13 Jul, 2026 08:14 PM

jammu state  slogan echoes from tawi bridge

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि 13 जुलाई जम्मू-कश्मीर के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है।

जम्मू ( तनवीर ) :  तवी पुल स्थित महाराजा हरि सिंह जी की प्रतिमा के समक्ष आज जम्मू स्टेट मूवमेंट के बैनर तले विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, राजनीतिक एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकत्र होकर "संकल्प दिवस" मनाया तथा जम्मू को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से संयुक्त संघर्ष करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि 13 जुलाई जम्मू-कश्मीर के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है। उनका मत था कि इसी दिन से तत्कालीन महाराजा हरि सिंह जी और जम्मू के हितों के विरुद्ध ऐसे घटनाक्रम शुरू हुए, जिनके प्रभाव आज भी जम्मू के लोगों को झेलने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज सभी संगठनों ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया है कि जम्मू के सम्मान, स्वाभिमान, समान अधिकार तथा जम्मू को राज्य का दर्जा दिलाने तक लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जम्मू लंबे समय से विकास, उद्योग, रोजगार, पर्यटन तथा आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में अपेक्षित प्राथमिकता से वंचित रहा है। उनका कहना था कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण जम्मू ने वर्षों तक अनेक राष्ट्रीय चुनौतियों का प्रभाव झेला है। उन्होंने कहा कि जब भी आतंकवाद या सीमा से जुड़े हालात पैदा होते हैं, उसका प्रभाव जम्मू के लोगों पर भी पड़ता है, जबकि विकास और रोजगार के मामले में जम्मू को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल पाती। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह जम्मू की क्षेत्रीय आकांक्षाओं, विकास संबंधी आवश्यकताओं और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जम्मू को राज्य का दर्जा देने पर गंभीरतापूर्वक विचार करे।

मूवमेंट कल्कि के संस्थापक दीपक सिंह, अतुल्य बख्शी, युवा राजपूत सभा के मुकेश सिंह, मिशन जम्मू स्टेट के डॉ. रणधीर सिंह परिहार तथा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रदेश अध्यक्ष मनीष साहनी ने कहा कि जम्मू को राज्य का दर्जा मिलने से क्षेत्र में उद्योग, निवेश, रोजगार, पर्यटन तथा आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने सभी सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, कर्मचारी, युवा एवं नागरिक संगठनों से एक मंच पर आकर जम्मू स्टेट मूवमेंट को मजबूत बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में ऑल इंडिया राजपूत एकता मंच, मिशन जम्मू स्टेट, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), युवा राजपूत सभा, मूवमेंट कल्कि, हिंदू वाहिनी, शाश्वत हिंदू तथा महाजन बिरादरी सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं नागरिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। सभी संगठनों ने एक स्वर में कहा कि जम्मू के सम्मान, स्वाभिमान, समान अधिकार तथा जम्मू को राज्य का दर्जा दिलाने की इस लड़ाई को संयुक्त रूप से आगे बढ़ाया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को इस जनआंदोलन से जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम में दीपक सिंह, मनीष कुमार सैनी, अजय सिंह सैनी, डॉ. सुशील कुमार भोला, कर्णैल चंद, प्रीतम शर्मा, अर्जुन सिंह, अतुल्य बख्शी, मनीष साहनी, मुकेश सिंह, डॉ. रणधीर सिंह परिहार, गुरजिंदर हिंदू, विक्रम महाजन, सुनील महाजन, राजदेव सिंह, यशपाल सिंह, अंतु कोतवाल, अनुराधा, राज कुमार, राजू कपूर, अमन रैना, आदित्य महाजन, संजय बट, पी. के. गंजू सहित विभिन्न संगठनों के अनेक प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित संगठनों एवं प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से निम्नलिखित संकल्प दोहराया—

"जम्मू के सम्मान, स्वाभिमान, समान अधिकार तथा जम्मू को राज्य का दर्जा दिलाने तक हमारा संघर्ष लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से निरंतर जारी रहेगा। यही हमारा संयुक्त और अटूट संकल्प है।"

सभी संगठनों ने जम्मू के सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, कर्मचारी, युवा एवं नागरिक संगठनों से इस जनआंदोलन में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि जम्मू स्टेट मूवमेंट किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे जम्मू की सामूहिक आवाज़ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि व्यापक जनसमर्थन के बल पर जम्मू के अधिकारों और राज्य के दर्जे की मांग को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!