Edited By Sunita sarangal, Updated: 20 Jun, 2026 10:50 AM

स्थानीय लोगों के अनुसार इस सड़क पर 5 अलग-अलग आबादी वाले गांव निर्भर हैं और करीब 5,000 से अधिक लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही इसी मार्ग से होती है।
राजौरी(अमित शर्मा): नियंत्रण रेखा के नजदीकी क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों ने गंभीर-खानखड़ी सड़क की बदहाल स्थिति पर कड़ा रोष जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 6 किलोमीटर लंबी यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है, लेकिन लंबे समय से सड़क की हालत बेहद खराब होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस सड़क पर 5 अलग-अलग आबादी वाले गांव निर्भर हैं और करीब 5,000 से अधिक लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही इसी मार्ग से होती है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, टूटी सतह और खराब हालत के कारण आम लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है। बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे आवाजाही पूरी तरह प्रभावित होती है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कोई वैकल्पिक सड़क संपर्क नहीं है, इसलिए गंभीर-खानखड़ी सड़क की मरम्मत बेहद जरूरी है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो वे मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here