Edited By Sunita sarangal, Updated: 22 Sep, 2026 04:31 PM

जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू एस.पी. हेडक्वार्टर अन्ना लता सिन्हा ने महिलाओं के लिए एक संदेश दिया है।
जम्मू डेस्क(तनवीर सिंह): जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू एस.पी. हेडक्वार्टर अन्ना लता सिन्हा ने महिलाओं के लिए एक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कि उनके थाने में भी और आसपास भी ऐसे मामले सामने आते रहते हैं कि महिलाओं को सुसराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी उनके पास ऐसे मामले आते हैं तो वे महिलाओं को यही सलाह देती हैं कि ससुराल वालों पर केस दर्ज करवाएं और आगे पुलिस आरोपियों पर कानून के तहत बनती कार्रवाई करेगी। उन्होंने आगे कहा कि लेकिन ऐसा बहुत बार होता है कि महिलाएं पहले शिकायत दर्ज करवाती हैं लेकिन बाद में खुद ही कहती हैं कि उनकी सुलह करवा दी जाए।
एस.पी. सिन्हा ने आगे कहा कि कई बार तो एक ही केस 3-4 बार आ जाता है लेकिन फिर भी अंत में परिवार वाले सुलह करने को कहते हैं। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि अगर आपके साथ बार-बार अत्याचार हो रहा है तो फिर आप आइए और केस दर्ज करवाइए क्योंकि गलती एक बार या दो बार होती है, बार-बार नहीं। इसलिए अगर कोई भी महिला प्रताड़ित की जा रही है तो वह आगे आए, उसका मायका परिवार आगे आए, समाज आगे आए ताकि एक और जान जाने से बचाई जा सके और आरोपियों पर बनती कानूनी कार्रवाई की जा सके।
एस.पी. सिन्हा ने कहा कि अगर फिर भी महिलाएं किसी डर के कारण आगे नहीं आती हैं और दहेज आदि किसी भी कारण से प्रताड़ना सहती हैं तो फिर पुलिस भी उनकी मदद नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी महिला आगे आकर केस दर्ज करवाती है तो पुलिस अंत तक उनका साथ देगी और कानून लोगों के लिए ही बना है। महिलाओं को आगे आना चाहिए और मज़बूत और स्वतंत्र बनिए, अपने और अपने आगे आने वाले भविष्य के बारे में सोचें और कोई गलत कदम न उठाएं।
अंत में एस.पी. सिन्हा ने कहा कि बच्चियों पर अत्याचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सुषमा देवी के सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस का एक एमरजेंसी रिस्पांस नंबर है – 112। अगर कोई महिला सीधा पुलिस से संपर्क नहीं कर सकती तो वह 112 नंबर पर फोन करे जो सीधा उनके कंट्रोल रूम में आएगा। इसके बाद कंट्रोल रूम आपके नजदीकी पुलिस थाने में आपका नंबर ट्रांसफर कर देगा। इसके बाद पुलिस थाने से एक एमरजेंसी रिस्पांस गाड़ी आपके घर के लिए निकल जाएगी। इसके बाद गाड़ी आपके घर आएगी और केस दर्ज होगा और आगे कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों के लिए, महिलाओं के लिए है इसलिए उनसे डरे नहीं और उनका साथ दे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here