Edited By Neetu Bala, Updated: 16 Jul, 2026 08:24 PM

कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी के पवित्र यात्रा क्षेत्र से संबंधित बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कटड़ा ( अमित शर्मा ) : कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी के पवित्र यात्रा क्षेत्र से संबंधित बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को कथित रूप से आपत्तिजनक एवं धार्मिक स्थल की मर्यादा के विपरीत हरकत करते हुए दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय युवकों ने इस घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों और श्रद्धालुओं ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि माता वैष्णो देवी का पवित्र दरबार में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को धार्मिक भावनाओं, अनुशासन और पवित्रता का सम्मान करना चाहिए।
सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को किसी भी प्रकार की अशोभनीय गतिविधि का स्थान नहीं बनाया जाना चाहिए। ऐसी घटनाओं से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और पवित्र यात्रा क्षेत्र की गरिमा भी प्रभावित होती है।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वायरल वीडियो की सत्यता और स्थान की जांच करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में संबंधित लोगों द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाना प्रमाणित होता है तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
लोगों ने यात्रा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती मजबूत करने और श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थल की मर्यादा बनाए रखने के संबंध में जागरूक करने की भी मांग की है।
हालांकि, वायरल वीडियो कब और किस स्थान पर रिकॉर्ड किया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान भी प्रमाणित नहीं है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे किसी की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक न करें और अपमानजनक टिप्पणियों से बचते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here