Edited By Sunita sarangal, Updated: 10 Sep, 2026 03:30 PM

जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू में बन रहा नई दिल्ली कटरा एक्स्प्रेस वे के अंतर्गत फ्लाइओवर के करीब की नई बस्ती सतवारी इलाके में बुधवार देर रात प्रशासन का बुलडोजर चला।
जम्मू(संजीव दुबे/तनवीर सिंह): जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू में बन रहा नई दिल्ली कटरा एक्स्प्रेस वे के अंतर्गत फ्लाइओवर के करीब की नई बस्ती सतवारी इलाके में बुधवार देर रात प्रशासन का बुलडोजर चला। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से करीब 20 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। अचानक शुरू हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते जेसीबी ने दुकानों को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
देर रात प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचते ही इलाके में हलचल बढ़ गई। इसके बाद चिन्हित दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। जेसीबी मशीनों से दुकानों को तोड़े जाने के दौरान आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कार्रवाई देर रात तक चलती रही।
दुकानदारों में रोष, प्रक्रिया पर उठाए सवाल
कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन के कदम पर रोष जताया। उनका कहना है कि दुकानें उनकी आजीविका का प्रमुख साधन थीं और इन्हें तोड़े जाने से परिवारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। दुकानदारों ने यह भी सवाल उठाया कि कार्रवाई से पहले उन्हें दुकान के बदले दुकान का वादा हुआ था, जिसे पूरा नहीं किया गया l
प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से कार्रवाई का आधार और पूरी प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दुकानों को हटाना जरूरी था तो उन्हें अपनी बात रखने और सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए था।
पुनर्वास की मांग
दुकानें टूटने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों की स्थिति पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कार्रवाई के बाद दुकानदारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनकी आजीविका की है। प्रशासन को प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था अथवा पुनर्वास की दिशा में भी कदम उठाना चाहिए।
देर रात हुई इस कार्रवाई को लेकर इलाके में दिनभर चर्चा रही। वहीं, दुकानों को ध्वस्त करने के कारण और कार्रवाई के संबंध में प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने आने का इंतजार है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here