Vaishno Devi Yatra: तीर्थयात्रियों की सुरक्षा बढ़ी, सुरक्षा कवर को लेकर बोर्ड ने लिया अहम फैसला, पढ़ें...

Edited By Neetu Bala, Updated: 09 Feb, 2026 01:12 PM

vaishno devi yatra security for pilgrims increased

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने रविवार को आयोजित बैठक में माता वैष्णो देवी के मंदिर और आस-पास के क्षेत्र को पूरी तरह से बदलकर भारत का सबसे बड़ा और सबसे जीवंत आध्यात्मिक स्थल बनाने के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं।

जम्मू (कमल) :  श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने रविवार को आयोजित बैठक में माता वैष्णो देवी के मंदिर और आस-पास के क्षेत्र को पूरी तरह से बदलकर भारत का सबसे बड़ा और सबसे जीवंत आध्यात्मिक स्थल बनाने के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं। श्राइन बोर्ड की इस पहल से माता वैष्णो देवी तीर्थ स्थल को दुनिया भर में पहचान मिलेगी।

बैठक की अध्यक्षता उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने की। उप-राज्यपाल श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन भी हैं। श्राइन बोर्ड ने 3 मुख्य पहलों को मंजूरी दी है जिनमें मां शक्ति की आध्यात्मिक विरासत को समर्पित एक अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय, वैश्विक तीर्थ स्थलों की तर्ज पर एक साऊंड-एंड-लाइट शो और माता वैष्णो देवी मंदिर पर एक डॉक्यूमैंट्री प्रमुख है। इसके अलावा बैठक में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने खाली पदों को भरने का फैसला किया जिसके लिए भर्ती प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है।

नीट की तैयारी के लिए स्थापित होगा मुफ्त कोचिंग सैंटर

श्राइन बोर्ड ने आस-पास के क्षेत्रों के युवाओं को मुफ्त एन.ई.ई.टी. (नीट) की तैयारी कराने के लिए कोचिंग सैंटर स्थापित करने को भी हरी झंडी दे दी है। इसके अलावा नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशों के अनुसार माता वैष्णो देवी ट्रैक पर सर्विस प्रोवाइडरों, घोड़े वालों आदि के लिए एक पुनर्वास योजना बनाने और चरणबद्ध तरीके से लागू करने को मंजूरी दी।

एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ाने, तीर्थयात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने और बोर्ड को सिफारिशें प्रस्तुत करने के लिए रणनीतियों का आकलन करने हेतु एक समिति का गठन किया गया है।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड माता की भेंट स्थानीय स्तर पर खरीदेगा

श्राइन बोर्ड ने क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं और युवा स्थानीय उद्यमियों से खरीदारी को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया है। बोर्ड ने फैसला किया है कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड माता की भेंट स्थानीय स्तर पर खरीदेगा, जिससे सीधे समुदाय के विकास में धन लगाया जाएगा। चूंकि माता का निवास स्थान कटड़ा शहर को वैश्विक मानचित्र पर रखता है, इसलिए बोर्ड ने शहर के परिवर्तन में सीधे योगदान देने का फैसला किया है। बोर्ड ने कटड़ा को स्वच्छ, जीवंत और निवासियों और तीर्थयात्रियों के रूप में आने वाले लाखों लोगों के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे से सुसज्जित बनाने का संकल्प लिया।

जम्मू क्षेत्र में खेल विकास को बढ़ावा देने का निर्णय

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने जम्मू क्षेत्र में खेल क्षेत्र में विकास करने का फैसला किया है ताकि जम्मू और कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश को अपनी आध्यात्मिक श्रेष्ठता के साथ-साथ एक राष्ट्रीय खेल शक्ति केंद्र में बदला जा सके।

पुजारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण

बोर्ड ने धार्मिक पुजारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण पर जोर दिया है। बोर्ड ने पिछली बैठक के बाद की गई कार्रवाइयों की समीक्षा करते हुए उन्हें मंजूरी दी। बोर्ड के कामकाज को मजबूत करने और तीर्थयात्री सेवाओं में सुधार लाने के उद्देश्य से 25 महत्वपूर्ण एजैंडा मदों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

प्रति तीर्थयात्री बीमा कवर को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने को मंजूरी

तीर्थयात्रियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए बोर्ड ने प्रति तीर्थयात्री बीमा कवर को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने की मंजूरी दी है। इसके अलावा नताली, कटड़ा में माता वैष्णो देवी जी को समर्पित एशियन हैरिटेज फाऊंडेशन के साथ मिलकर एक इंटरनैशनल म्यूजियम बनाने के शुरुआती कॉन्सैप्ट को भी मंजूरी दी गई है। प्रस्तावित शक्ति म्यूजियम अपनी तरह का पहला म्यूजियम होगा और यह एक धार्मिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में काम करेगा। साथ ही अत्याधुनिक लाइट एंड साऊंड शो परंपरा और इनोवेशन के मेल से पौराणिक कथाओं को जीवंत कर देंगे। उप-राज्यपाल ने बोर्ड से ठोस सुझाव देने का अनुरोध किया ताकि इस प्रोजैक्ट को आने वाले महीनों में शुरू किया जा सके और दो साल के अंदर पूरा किया जा सके। प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजैक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की गई जिसमें भवन में एग्जिट ट्रैक का निर्माण, नया वैष्णवी भवन, सांझीछत से भवन तक यात्रा ट्रैक का चौड़ीकरण, ढलान स्थिरीकरण कार्य, कटड़ा में श्री शंकराचार्य जी मंदिर और संबंधित सुविधाओं का निर्माण और चौतन्य आश्रम, जम्मू में दिव्यांगजनों के लिए स्कूल शामिल हैं। बोर्ड ने गुणवत्ता और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।

शिव खौड़ी श्राइन बोर्ड को वित्तीय अनुदान

विलेज हट्ट में नए विकसित हैलीपैड के संबंध में बोर्ड ने मंजूरी दी कि संशोधित एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर के बाद श्राइन बोर्ड तीर्थयात्री इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और अपग्रेडेशन के लिए श्राइन एक्ट के तहत शिव खौड़ी श्राइन बोर्ड को एक बार का वित्तीय अनुदान प्रदान करेगा। यह भी मंजूरी दी गई कि तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए दोनों श्राइन के लिए हैली सेवाएं एक ही हैलीपैड से संचालित होंगी। बोर्ड ने अगस्त-सितम्बर 2025 की भारी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए रियासी और ऊधमपुर जिलों के 15 स्कूलों का सिर्फ 5 महीनों में नवीनीकरण करने की सामुदायिक कल्याण पहलों की सराहना की।

बोर्ड ने भवन में एक साधना कक्ष (मैडिटेशन हॉल) स्थापित करने की पहल की सराहना की। इसे तीर्थयात्रियों की आध्यात्मिक भलाई को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। एस.एम.वी.डी. चैरिटेबल सोसायटी के तहत संस्थानों, जिसमें गुरुकुल, अस्पताल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स, कॉलेज ऑफ नर्सिंग शामिल हैं, को अनुदान सहायता के लिए भी मंजूरी दी गई। बोर्ड ने श्राइन बोर्ड द्वारा की गई हरियाली पहलों के लिए प्रशंसा व्यक्त की और 2026-27 के लिए एक व्यापक वार्षिक हरित योजना को मंजूरी दी। उप-राज्यपाल ने चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सचिन कुमार वैश्य को पर्यावरण स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि करने का निर्देश दिया, जिसमें स्वच्छ और हरित कटरा शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

उप-राज्यपाल ने रियासी और जम्मू जिलों में कई मंदिरों के निर्माण और जीर्णोद्धार की आधारशिला रखी

मीटिंग के दौरान उप-राज्यपाल ने इंफ्रास्ट्रक्चर और आध्यात्मिक अनुभव को बेहतर बनाने के मकसद से कई तीर्थयात्री-केंद्रित सुविधाओं की आधारशिला रखी। इनमें रियासी जिले में 3 नए मंदिरों का निर्माण, जम्मू जिले में 2 पुराने मंदिरों का 1.21 करोड़ की अनुमानित लागत से जीर्णोद्धार, भैरों जी मंदिर परिसर की री-डिवैल्पमैंट और भवन एवं भैरों जी में स्टाफ आवास का निर्माण शामिल है।

कटड़ा में नए बने कॉटेज का किया उद्घाटन

-सूखे मेवे, पवित्र पिंडियों को दर्शाने वाला सिक्का और कलावा वाला पाऊच प्रसाद लॉन्च

एल.जी. सिन्हा ने कटड़ा में नए बने कॉटेज का भी उद्घाटन किया और तीर्थयात्रियों के बीच मुफ्त बांटने के लिए सूखे मेवे, पवित्र पिंडियों को दर्शाने वाला एक नक्काशीदार सिक्का और एक पवित्र मौली (कलावा) वाला एक बेहतर पाऊच प्रसाद लॉन्च किया। इससे पहले, श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बोर्ड की गतिविधियों और पिछली बैठकों में लिए गए फैसलों को लागू करने में हुई प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। मीटिंग में सभी बोर्ड सदस्य शामिल हुए जिनमें महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरिजी महाराज, बालेश्वर राय, डॉ. अशोक भान, सुधा मूर्ति, गुंजन राणा, डॉ. के.के. तलवार, कुलभूषण आहूजा, ललित भसीन और सुरेश कुमार शर्मा शामिल थे। इनके अलावा लैफ्टिनैंट गवर्नर के प्रधान सचिव डॉ. मनदीप के. भंडारी भी मीटिंग में शामिल हुए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!