Edited By Sunita sarangal, Updated: 20 Jun, 2026 12:12 PM

डॉ. रैना ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी।
जम्मू(रोहित मिश्रा): जम्मू संभाग के मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी, उमस और तेज लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है। मौसम की मार का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ रहा है।
इस संबंध में पंजाब केसरी से बातचीत करते हुए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप रैना ने कहा कि अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण लोगों को डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द और लू लगने जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सावधानी न बरती जाए तो मरीज की हालत गंभीर भी हो सकती है।
डॉ. रैना ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें और अधिक से अधिक तरल पदार्थ, नींबू पानी, छाछ और ओ.आर.एस. का सेवन करें। साथ ही हल्के और सूती कपड़े पहनने की भी अपील की।
उन्होंने अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा और बताया कि बच्चों और बुजुर्गों को तेज धूप से बचाना बेहद जरूरी है। डॉक्टरों के अनुसार गर्मी का यह प्रकोप आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here