Edited By Sunita sarangal, Updated: 06 Aug, 2026 10:29 AM

स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी यह पार्क बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की पहली पसंद हुआ करता था।
बसोहली(सुशील सिंह): बसोहली वन विभाग कार्यालय के साथ स्थित चिल्ड्रन पार्क की देखरेख न होने से इसकी हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। सुभनेश कुमार, पंकज, मनोहर, सुरेश कुमार और अन्य लोगों ने बताया कि पार्क में लगे ओपन जिम के कई उपकरण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कुछ उपकरण अपनी जगह से उखड़ गए हैं, जबकि कई उपयोग के योग्य नहीं बचे हैं। पार्क में घनी घास और झाड़ियां उग आने से इसकी सुंदरता पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी यह पार्क बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की पहली पसंद हुआ करता था। सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग यहां सैर करने, व्यायाम करने और बच्चों को घुमाने आते थे, लेकिन अब बदहाल व्यवस्था के कारण लोगों ने यहां आना कम कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शीघ्र मुरम्मत नहीं करवाई गई तो बाकी उपकरण भी पूरी तरह बेकार हो जाएंगे। बरसात के मौसम में पार्क के भीतर और चारों ओर उगी घास लोगों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि घास में जहरीले जीव छिपे रहने का भी खतरा बना रहता है। इसको लेकर भी लोग काफी चिंता में है। नियमित सफाई न होने से पार्क की हालत दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है। शाम के समय पार्क में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था न होने से अंधेरा छा जाता है, जिसके कारण परिवार और बुजुर्ग यहां आने से कतराते हैं। लोगों का कहना है कि यदि बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था हो जाए तो शाम के समय भी बड़ी संख्या में लोग पार्क का लाभ उठा सकेंगे।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि पार्क की तत्काल सफाई करवाई जाए, उगी हुई घास और झाड़ियों को हटाया जाए तथा ओपन जिम के सभी क्षतिग्रस्त उपकरणों की मुरम्मत करवाई जाए। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक पार्क केवल मनोरंजन का साधन नहीं होते, बल्कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ युवाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में इनकी नियमित देखरेख संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि संबंधित विभाग इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि चिल्ड्रन पार्क फिर से अपनी पुरानी रौनक हासिल कर लोगों की गतिविधियों से गुलजार हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here