Edited By Sunita sarangal, Updated: 09 Sep, 2026 06:01 PM

दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों से राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं एसोसिएटेड अस्पताल राजौरी पहुंचने वाले मरीजों को राहत देते हुए अस्पताल प्रशासन ने ओ.पी.डी के समय में बदलाव किया है।
राजौरी(शिवम बक्शी): दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों से राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं एसोसिएटेड अस्पताल राजौरी पहुंचने वाले मरीजों को राहत देते हुए अस्पताल प्रशासन ने ओ.पी.डी के समय में बदलाव किया है। अब जी.एम.सी. राजौरी में ओ.पी.डी सेवाएं सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। संशोधित समय बुधवार से लागू कर दिया गया है।
इस संबंध में जी.एम.सी. राजौरी के प्रिंसिपल प्रो. (डॉ.) ए.एस भाटिया की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि मौजूदा ओ.पी.डी समय के कारण विशेष रूप से दूरदराज और पहाड़ी इलाकों से आने वाले मरीजों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मरीजों को लंबी दूरी तय करके अस्पताल पहुंचना पड़ता है, जिसके कारण कई बार उन्हें निर्धारित ओ.पी.डी समय में चिकित्सकीय परामर्श लेने में कठिनाई होती थी।
आदेश के अनुसार पीर पंजाल क्षेत्र की जनजातीय आबादी तक स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ओ.पी.डी का समय बढ़ाया गया है। अब मरीज सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक विभिन्न विभागों की ओ.पी.डी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
प्रिंसिपल की ओर से सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभागों में नए ओ.पी.डी समय का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित फैकल्टी सदस्य और अन्य स्टाफ निर्धारित ओ.पी.डी समय के दौरान उपलब्ध रहें, ताकि मरीजों की देखभाल और उपचार प्रभावित न हो।
वहीं, एसोसिएटेड अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को नए समय को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें जरूरत के अनुसार स्टाफ की तैनाती तथा अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं शामिल हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित व्यक्ति की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
अस्पताल प्रशासन के इस फैसले से राजौरी-पुंछ के दूरदराज, पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर उन मरीजों के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिन्हें लंबी दूरी तय कर सुबह अस्पताल पहुंचना पड़ता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here