Katra रेलवे स्टेशन पर हंगामा... महिलाओं ने रेलवे लाइन पर बैठ किया प्रदर्शन, Srishakti Express हुई लेट

Edited By Neetu Bala, Updated: 08 Mar, 2026 11:36 AM

uproar at katra railway station

इस विरोध प्रदर्शन के कारण स्टेशन पर रेल संचालन भी प्रभावित हुआ। नई दिल्ली के लिए रवाना होने वाली श्रीशक्ति एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर ही रोकना पड़ा।

कटरा ( अमित शर्मा ) :   धर्मनगरी कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात एक विवाद सामने आया, जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ के बीच तनाव का माहौल बन गया। मामला एक महिला रेलवे कर्मचारी के साथ कथित छेड़छाड़ से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक इंस्पेक्टर द्वारा महिला कर्मचारी के साथ अनुचित व्यवहार किया गया, जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों में भारी नाराज़गी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार देर रात यह मामला सामने आने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि महिला कर्मचारी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और संबंधित RPF अधिकारी के खिलाफ तत्काल जांच शुरू की जानी चाहिए।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी एकत्रित हो गए और उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर खड़ी श्रीशक्ति एक्सप्रेस के सामने रेलवे ट्रैक पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने लगभग अढ़ाई घंटे तक रेलवे ट्रैक पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना था कि जब तक आरोपी अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

PunjabKesari

इस विरोध प्रदर्शन के कारण स्टेशन पर रेल संचालन भी प्रभावित हुआ। नई दिल्ली के लिए रवाना होने वाली श्रीशक्ति एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर ही रोकना पड़ा। निर्धारित समय पर ट्रेन को रवाना नहीं किया जा सका, जिससे यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे की देरी के बाद स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई यात्री यह समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर अचानक ट्रेन क्यों रोकी गई है। बाद में जब प्रदर्शन की जानकारी सामने आई तो यात्रियों ने भी इस पूरे मामले पर चिंता व्यक्त की।

रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि यदि किसी महिला कर्मचारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार किया जाता है तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसे किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

PunjabKesari

वहीं दूसरी ओर स्टेशन प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को शांत करने की कोशिश की। अधिकारियों ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों ने धीरे-धीरे अपना प्रदर्शन समाप्त किया, जिससे रेल यातायात सामान्य हो सका।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित पक्षों के बयान भी दर्ज किए जा सकते हैं।

कटरा रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना ने एक बार फिर कार्यस्थल पर महिला सुरक्षा और अनुशासन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों का भी मानना है कि ऐसे मामलों में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई होना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!