Edited By Neetu Bala, Updated: 09 Oct, 2026 02:53 PM

किसानों का कहना है कि उन्होंने बड़ी मेहनत, समय और धन खर्च करके धान की फसल तैयार की थी, लेकिन अचानक आए खराब मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
अखनूर/परगवाल ( रोहित मिश्रा ) : जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्र परगवाल में शुक्रवार रात मौसम के अचानक करवट बदलने से किसानों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। तेज बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के कारण खेतों में लहलहा रही बासमती धान की फसल जमीन पर बिछ गई। इस प्राकृतिक आपदा से किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। महीनों की मेहनत और फसल से अच्छी पैदावार की उम्मीद लगाए बैठे किसानों की चिंताएं अब बढ़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार, रात के समय अचानक मौसम बिगड़ने से परगवाल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में खेतों में खड़ी बासमती धान की फसल तेज हवाओं और बारिश की मार सहन नहीं कर सकी। कई खेतों में फसल पूरी तरह जमीन पर गिर गई है। किसानों का कहना है कि उन्होंने बड़ी मेहनत, समय और धन खर्च करके धान की फसल तैयार की थी, लेकिन अचानक आए खराब मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
मुआवजे के लिए सरकार और प्रशासन से गुहार
फसल को हुए नुकसान से परेशान किसानों ने जम्मू-कश्मीर सरकार और स्थानीय प्रशासन से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि खेती ही उनके परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में यदि फसल को हुए नुकसान की भरपाई नहीं की गई, तो उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।
किसानों ने प्रशासन से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वेक्षण करवाया जाए, ताकि वास्तविक नुकसान का आकलन कर पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा प्रदान किया जा सके।
गांव-गांव पहुंचकर नुकसान का आकलन करने की मांग
किसानों ने संबंधित विभागों की टीमों से परगवाल क्षेत्र के गांवों का दौरा कर खेतों में हुए नुकसान का जायजा लेने की अपील की है। उनका कहना है कि प्रत्येक प्रभावित किसान की फसल का उचित आकलन किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी पात्र किसान को सरकारी सहायता से वंचित न रहना पड़े।
अब देखना होगा कि प्रशासन किसानों की इस मांग पर कितनी शीघ्र कार्रवाई करता है और बासमती की फसल को हुए नुकसान के बाद प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here