Edited By VANSH Sharma, Updated: 07 Mar, 2026 09:23 PM

शहर में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
जम्मू (रोशनी): शहर में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। कभी चोर घरों को निशाना बना रहे हैं तो कभी वाहनों को। इसी बीच मढ़ इलाके से एक हैरान कर देने वाला चोरी का मामला सामने आया है। यहां चोरों ने एक जेसीबी मशीन का बड़ा टायर ही खोलकर चोरी कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मढ़ ब्लॉक में रिंग रोड के पास खड़ी एक जेसीबी मशीन से देर रात अज्ञात चोर उसका भारी-भरकम टायर खोलकर अपने साथ ले गए। सुबह जब लोगों ने जेसीबी को देखा तो उसका टायर गायब मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ता का कहना है कि जेसीबी का टायर काफी बड़ा और भारी होता है, इसलिए इसे एक व्यक्ति द्वारा चुराना संभव नहीं है। लोगों का मानना है कि इस वारदात को अंजाम देने में तीन से चार चोर शामिल हो सकते हैं और उन्होंने किसी वाहन की मदद से टायर को वहां से ले जाया होगा।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि रात के समय इस तरह की बड़ी मशीनों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच यह वारदात चोरों के बढ़ते हौसलों को दर्शाती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here