Edited By VANSH Sharma, Updated: 05 Mar, 2026 03:10 PM

जम्मू से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।
जम्मू (तनवीर सिंह): जम्मू से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने दो अज्ञात युवकों पर दुष्कर्म की कोशिश, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने इस संबंध में बठिंडी पुलिस पोस्ट में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत में महिला ने बताया कि 4 मार्च 2026 को शाम करीब 7:30 बजे वह अपने एक रिश्तेदार से मिलने के लिए बठिंडी इलाके में जा रही थी। उसकी कजिन वहां एक घर के निर्माण स्थल पर काम करती है। महिला के अनुसार जब वह बठिंडी के पास मदरसा इलाके में पहुंची, तभी सफेद रंग की एक स्विफ्ट कार (नंबर DL1CAH7122) उसके पास आकर रुकी।
महिला का कहना है कि कार में दो अज्ञात युवक बैठे हुए थे। उसने उनसे अपने रिश्तेदार के घर का रास्ता पूछा। आरोप है कि युवकों ने उसे कहा कि वे उसे वहां छोड़ देंगे और कार में बैठने के लिए कहा। जब महिला ने कार में बैठने से इनकार किया, तो दोनों ने जबरदस्ती उसे कार में खींचने की कोशिश की और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
महिला के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसके निजी अंगों को छूने की कोशिश की। इस दौरान महिला ने शोर मचाया और किसी तरह उनसे बचकर वहां से भागने में सफल रही।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वहां से भागने से पहले आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। उस समय महिला आरोपियों को पहचानती नहीं थी, लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर खबर देखने के बाद उसे पता चला कि आरोपियों में से एक का नाम बिलाल बताया जा रहा है।
महिला ने पुलिस से मांग की है कि उसकी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here