Edited By VANSH Sharma, Updated: 21 Feb, 2026 08:24 PM

जम्मू पुलिस साउथ ज़ोन ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जम्मू (तनवीर सिंह): जम्मू पुलिस साउथ ज़ोन ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो में वर्दी में तैनात एक पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी और मारपीट की घटना सामने आई थी।
पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी 2026 को एसआई राजेश कुमार (डीपीएल जम्मू में तैनात) ने लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान वह त्रिकुटा नगर पार्क में खाना/दवा लेने के लिए मौजूद थे। उसी दौरान एक युवक उनके पास आया और गाली-गलौज करने लगा। युवक ने यह जानते हुए भी कि वह वर्दी में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी हैं, उन्हें धमकाया और उनके साथ मारपीट की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बाहु फोर्ट पुलिस स्टेशन में एफआईआर नंबर 52/2026 धारा 132/126(2)/352/351(2) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी और मानव सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान सुमित वर्मा पुत्र रतन चंद, निवासी मानपुर, कठुआ, हाल निवासी त्रिकुटा नगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा है कि ड्यूटी कर रहे सरकारी कर्मचारियों को डराने, रोकने या उन पर हमला करने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here