Edited By Neetu Bala, Updated: 07 Mar, 2026 11:30 AM

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और समाज कल्याण मंत्री सकीना इत्तू ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखा है।
जम्मू (सतीश) : स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और समाज कल्याण मंत्री सकीना इत्तू ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने छात्रों को आने वाली मुश्किलों की जानकारी दी है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया है कि एन.ई.ई.टी.-यू.जी. 2026 के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए। उन्होंने यह मांग कश्मीर संभाग के छात्रों को आवेदन प्रक्रिया में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए की है। केंद्रीय मंत्री को भेजे गए पत्र में सकीना इत्तू ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, विशेषकर कश्मीर संभाग के कई छात्र ऑनलाइन आवेदन जमा करने में गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कुछ क्षेत्रों में इंटरनैट सेवा केवल 2जी गति तक सीमित होने के कारण छात्रों को तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि धीमी इंटरनैट कनैक्टीविटी के कारण छात्रों को ओ.टी.पी. सत्यापन, दस्तावेज अपलोड करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी हो रही है। मंत्री ने कहा कि एन.ई.ई.टी.-यू.जी. मेडिकल शिक्षा और संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है। इंटरनैट संबंधी समस्याओं के कारण यदि छात्र आवेदन जमा नहीं कर पाते हैं तो इससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। सकीना ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि विशेषकर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक छात्र ऑनलाइन आवेदन पोर्टल तक पहुंचने के लिए स्थिर इंटरनैट सेवाओं पर निर्भर हैं। छात्रों द्वारा उठाई गई वास्तविक चिंताओं को देखते हुए उन्होंने शिक्षा मंत्रालय से एन.ई.ई.टी.-यू.जी.-2026 आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया, ताकि जम्मू-कश्मीर के सभी पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन करने का उचित अवसर मिल सके।
मंत्री ने आशा जताई कि केंद्र सरकार छात्रों के हित में इस अनुरोध पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी और तकनीकी या कनेक्टिविटी समस्याओं के कारण किसी भी अभ्यर्थी को अवसर से वंचित नहीं होना पड़ेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here