Edited By VANSH Sharma, Updated: 05 Mar, 2026 08:53 PM

उनके इस्तीफे की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
जम्मू-कश्मीर डेस्क (मीर आफताब): लद्दाख से इस समय की बड़ी खबर सामने आई है। लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर कविंदर गुप्ता ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार शाम उन्होंने अपना इस्तीफा केंद्र सरकार को सौंप दिया। हालांकि अभी तक उनके इस्तीफे के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
सूत्रों के अनुसार, कविंदर गुप्ता ने चुपचाप अपना इस्तीफा दे दिया और इस फैसले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब हाल ही में सी. वी. आनंद बोस ने भी पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद से इस्तीफा दिया था। ऐसे में लगातार हो रहे इन इस्तीफों को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

बता दें कि कविंदर गुप्ता ने 18 जुलाई 2025 को लद्दाख के तीसरे लेफ्टिनेंट गवर्नर के रूप में शपथ ली थी। पद संभालते समय उन्होंने कहा था कि वे केंद्र शासित प्रदेश के विकास और तरक्की के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम करेंगे।
उनका कार्यकाल ऐसे समय में रहा जब लद्दाख में कई सामाजिक संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिले। लेह एपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस जैसे संगठनों ने लद्दाख को राज्य का दर्जा देने, छठी अनुसूची के तहत संवैधानिक सुरक्षा और स्थानीय युवाओं के लिए नौकरियों में आरक्षण की मांग को लेकर लगातार आंदोलन किया था।
फिलहाल, कविंदर गुप्ता के इस्तीफे के बाद अब यह देखना अहम होगा कि लद्दाख का अगला लेफ्टिनेंट गवर्नर किसे बनाया जाता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here