Edited By Subhash Kapoor, Updated: 12 Jun, 2026 01:25 AM

जम्मू मंडल में यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी एवं आधुनिक सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से ट्रेन संख्या 26406/26405 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेसके मार्ग को परिवर्तित किया गया हैं।
जम्मू : जम्मू मंडल में यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी एवं आधुनिक सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से ट्रेन संख्या 26406/26405 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेसके मार्ग को परिवर्तित किया गया हैं।
अब यह वंदे भारत एक्सप्रेस पठानकोट कैंट के स्थान पर पठानकोट एवं गुरदासपुर होते हुए संचालित होगी। इस मार्ग परिवर्तन से गुरदासपुर एवं बटाला क्षेत्र के यात्रियों को वंदे भारत एक्सप्रेस की विश्वस्तरीय एवं तीव्र सेवा का सीधा लाभ मिलेगा। पहले इन क्षेत्रों के यात्रियों को वंदे भारत की सुविधा के लिए जम्मू या पठानकोट कैंट तक जाना पड़ता था, परंतु अब उन्हें अपने निकटतम स्टेशन से ही तेजगति वाली ट्रेन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्रा समय में बचत होगी, क्षेत्र का आर्थिक एवं पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा यात्रियों को कम समय में अधिक दूरी तय करने की सुविधा प्राप्त होगी।
ट्रेन संख्या 26406 तथा ट्रेन संख्या 26405 अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस दोनों 08 कोचों के साथ संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा एवं रखरखाव के दृष्टिकोण से इस ट्रेन का गैर-चलन दिवस मंगलवार के स्थान पर अब शनिवार किया गया है। संशोधित आवृत्ति के अनुसार यह ट्रेन अमृतसर एवं श्री माता वैष्णो देवी कटरा दोनों ओर से सप्ताह में छह दिन चलेगी, जबकि शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा।
यह ट्रेन अमृतसर से 16 जून 2026 से तथा श्री माता वैष्णो देवी कटरा से 17 जून 2026 से प्रारंभ होगी। संशोधित समय-सारिणी के अनुसार श्री माता वैष्णो देवी कटरा से अमृतसर जाने वाली ट्रेन संख्या 26406 प्रातः 06:40 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा से प्रस्थान कर जम्मू तवी 08:03 बजे, पठानकोट 09:35 बजे, गुरदासपुर 10:15 बजे, छीना 10:45 बजे, बटाला जंक्शन 10:54 बजे होते हुए दोपहर 12:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
इसी प्रकार अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली ट्रेन संख्या 26405 दोपहर 16:25 बजे अमृतसर से प्रस्थान कर बटाला जंक्शन 17:18 बजे, छीना 17:35 बजे, गुरदासपुर 17:58 बजे, पठानकोट 18:32 बजे, जम्मू तवी 20:26 बजे होते हुए रात्रि 22:00 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी।
*वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू श्री उचित सिंघल ने बताया,कि वंदे भारत एक्सप्रेस के मार्ग को गुरदासपुर एवं बटाला होते हुए करने का मुख्य उद्देश्य सीमांत क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं समयबद्ध रेल सेवा उपलब्ध कराना है। इस परिवर्तन से पंजाब के गुरदासपुर, बटाला तथा जम्मू के आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर एवं माता वैष्णो देवी तक जाने में अत्यंत सुविधा होगी।
जम्मू मंडल यात्री केंद्रित नीति पर कार्य करता है और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के निर्णय लेता है। हमें विश्वास है कि इस मार्ग परिवर्तन से न केवल यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा एवं तीर्थाटन को भी नई गति मिलेगी।"
रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे संशोधित समय-सारिणी एवं मार्ग के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। आरक्षण एवं ट्रेन की लाइव स्थिति की जानकारी हेतु यात्री 139 हेल्पलाइन या IRCTC ऐप का उपयोग कर सकते हैं।