Edited By Sunita sarangal, Updated: 07 Jul, 2026 11:28 AM

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार बिजली की भारी समस्या बनी हुई है, लेकिन बिजली विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
परगवाल(रोहित मिश्रा): लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था और लंबे समय से बनी बिजली कटौती की समस्या को लेकर सोमवार को परगवाल क्षेत्र के लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीणों ने परगवाल के मुख्य चौक पर एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार बिजली की भारी समस्या बनी हुई है, लेकिन बिजली विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग गहरी नींद में सोया हुआ है और आम जनता की परेशानियों से उसे कोई सरोकार नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय अंधेरे और उमस के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
किसानों ने भी अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि इस समय धान की फसल लगाने का सीजन चल रहा है, लेकिन खेतों में लगे मोटर पंप बिजली न होने के कारण बंद पड़े हैं। इससे खेती-बाड़ी का काम पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तुरंत समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान मुख्य चौक पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द राहत देने की मांग उठाई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here