SKUAST Jammu के छात्रों के साथ घटा भयानक सड़क हादसा, एक की मौत, 4 लड़ रहे जिंदगी की जंग

Edited By Sunita sarangal, Updated: 24 Jun, 2026 12:31 PM

skuast jammu students road accident

जानकारी के अनुसार पांचों युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर जा रहे थे।

आर.एस. पुरा(मुकेश): आर.एस. पुरा के बग्गामड़ क्षेत्र स्थित मुख्य सड़क मार्ग पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात हुए भीषण सड़क हादसे में शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जम्मू (स्कास्ट) के 5 वैटनरी छात्र दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार पांचों युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर जा रहे थे। रात करीब 12 बजे उनकी मोटरसाइकिलें एक अज्ञात संशोधित रेहड़ी वाहन से टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान शिवा (24), प्रिंस डोगरा (24), रोटिन कैथ (24), मुकुल गिल (23) और अभिमन्यु सिंह (24) के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश छात्र हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के निवासी हैं तथा वर्तमान में आर.एस. पुरा में रह रहे थे।

हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल (एस.डी.एच.) आर.एस. पुरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जी.एम.सी.एच. जम्मू रैफर कर दिया गया। उपचार के दौरान मंगलवार सुबह अभिमन्यु सिंह ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार घायल छात्रों में से दो विश्वविद्यालय परिसर के छात्रावास में रहते थे जबकि बाकी छात्र ने बाहर किराये पर मकान लिया था। पुलिस ने घटनास्थल से एक क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया है। जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिलें उक्त संशोधित रेहड़ी वाहन से टकराई थीं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ अज्ञात वाहन की पहचान और उसके चालक की तलाश के प्रयास भी जारी हैं। वहीं, चारों घायल छात्रों का जी.एम.सी.एच. जम्मू में उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सड़क हादसे में छात्र की मौत पर स्कास्ट के वाइस चांसलर ने जताया शोक

शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जम्मू (स्कास्ट) के वाइस चांसलर प्रोफेसर भूपेन्द्र नाथ त्रिपाठी ने दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हादसे में घायल हुए छात्र वैटनरी इंटर्नशिप कोर्स कर रहे थे और रात के समय सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। उन्होंने दुर्घटना में एक छात्र की असामयिक मृत्यु पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

प्रोफेसर त्रिपाठी ने कहा कि यह विश्वविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत दुखद क्षण है। उन्होंने घायल छात्रों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनके उपचार और हर संभव सहायता के लिए लगातार संपर्क में है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत छात्र की आत्मा की शांति तथा घायल छात्रों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। प्रोफेसर त्रिपाठी ने कहा कि इस कठिन समय में पूरा विश्वविद्यालय परिवार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!