Edited By Neetu Bala, Updated: 29 Jun, 2025 02:03 PM

यह घोटाला अभी और परतें खोल सकता है।
ऊधमपुर : जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल पटनीटॉप से एक बड़ा होटल घोटाला सामने आया है। जहां पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कड़ा एक्शन लेते हुए लगभग 15.78 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त कर दी हैं। ये कार्रवाई पटनीटॉप डिवेलपमेंट अथॉरिटी (पी.डी.ए.) से जुड़े एक बड़े भ्रष्टाचार की जांच के दौरान की गई है।
ED की जांच में खुलासा हुआ है कि पटनीटॉप के हरे-भरे पर्यटन क्षेत्र में बने होटल्स (होटल पाइन हेरिटेज, होटल ड्रीम लैंड और होटल शाही संतूर) ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए नक्शे से बाहर जाकर अवैध निर्माण किया और प्रतिबंधित इलाकों में कारोबार चलाकर मोटा मुनाफा कमाया। ये होटल घने जंगल, कृषि भूमि और रिहायशी इलाकों में बिना अनुमति के बनाए गए।
ये भी पढ़ेंः Maa Vaishno Devi आने वाले भक्तों के लिए जरूरी खबर... फिर बहाल हुई ये सेवाएं
इतना ही नहीं, अधिकारियों ने इन गड़बड़ियों पर जानबूझकर आंखें मूंद लीं। सीबीआई और एसीबी जम्मू की एफआईआर के आधार पर ईडी ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच में ये भी सामने आया कि पी.डी.ए. के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से ये सब संभव हो पाया।
गौर रहे कि इससे पहले भी ई.डी. ने जनवरी 2025 में होटल ट्रिनेटार रिजॉर्ट्स और होटल ग्रीन ऑर्चिड की संपत्तियां जब्त की थीं, जिनकी कीमत करीब 14.93 करोड़ रुपए आंकी गई थी। अब तक कुल मिलाकर करीब 30 करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध संपत्ति ई.डी. के शिकंजे में आ चुकी है।
सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में बड़ी गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं और कुछ बड़े नाम इस कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। जांच अभी जारी है और यह घोटाला अभी और परतें खोल सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here