Edited By VANSH Sharma, Updated: 14 Feb, 2026 05:25 PM

सुरक्षा कारणों को देखते हुए संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है।
बनी / कठुआ (राकेश): सुरक्षा कारणों को देखते हुए संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला मजिस्ट्रेट राजेश शर्मा ने शनिवार को नया आदेश जारी करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है।
जानकारी के अनुसार, कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ पहाड़पुर से करोल कृष्णा तक 5 किलोमीटर के दायरे में लोगों की गैर-जरूरी आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन को खुफिया इनपुट मिला है कि पाकिस्तान की तरफ से किसी भी समय सीमा पार गोलीबारी की आशंका है।
इसी खतरे को देखते हुए ओल्ड सांबा–कठुआ मार्ग पर रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक भारी ट्रकों और टिपरों की आवाजाही भी प्रतिबंधित कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया है, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीणों की सुरक्षा और किसी भी राष्ट्रविरोधी गतिविधि को रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में आवाजाही सीमित करना आवश्यक हो गया है। गौरतलब है कि हीरानगर अंतरराष्ट्रीय सीमा पिछले दो वर्षों से घुसपैठ की आशंका और ड्रोन गतिविधियों के कारण काफी संवेदनशील बनी हुई है, जिसके चलते स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर ये प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here