Edited By Neetu Bala, Updated: 20 Jul, 2026 08:52 PM

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नदी का तेज बहाव कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।
परगवाल ( रोहित मिश्रा ) : चिनाब नदी का जलस्तर इस समय करीब 26 से 27 फीट दर्ज किया गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि यदि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश होती है तो नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। संभावित खतरे को देखते हुए परगवाल प्रशासन और जम्मू-कश्मीर पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा नदी के आसपास लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीमों द्वारा चिनाब नदी के तट का बार-बार दौरा कर लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील की जा रही है। विशेष रूप से उन युवकों को सख्त चेतावनी दी गई है जो बहकर आने वाली लकड़ियां पकड़ने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में उतरने का प्रयास कर रहे हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नदी का तेज बहाव कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए किसी भी व्यक्ति को नदी के किनारे जाने या जोखिम भरी गतिविधि करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति बार-बार समझाने के बावजूद नदी किनारे जाता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही बच्चों और युवाओं को भी नदी के आसपास जाने से रोकने में सहयोग करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here