Edited By Sunita sarangal, Updated: 12 Sep, 2026 05:20 PM

AI तकनीक के माध्यम से लोग कुछ विशेष निर्देश यानी प्रॉम्प्ट देकर अपनी सामान्य तस्वीरों को 1980 के दशक की तस्वीरों जैसा रूप दे रहे हैं।
अखनूर(रोहित मिश्रा): सोशल मीडिया पर इन दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से 1980 के दशक के अंदाज में तस्वीरें बनाने का चलन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। अखनूर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी लोग अपनी तस्वीरों को 80 के दशक के रेट्रो लुक में बदलकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। पुराने परिधान, हेयरस्टाइल, फिल्मी रंग, विंटेज कैमरा इफेक्ट और उस दौर की पृष्ठभूमि के साथ तैयार की जा रही ये तस्वीरें लोगों का खूब ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
AI तकनीक के माध्यम से लोग कुछ विशेष निर्देश यानी प्रॉम्प्ट देकर अपनी सामान्य तस्वीरों को 1980 के दशक की तस्वीरों जैसा रूप दे रहे हैं। देखते ही देखते आधुनिक तस्वीरें पुराने दौर की याद दिलाने वाली तस्वीरों में बदल जाती हैं। यही वजह है कि युवाओं के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग भी इस ट्रेंड का हिस्सा बन रहे हैं।
पुराने दौर और नई तकनीक का अनोखा संगम
AI के इस ट्रेंड ने एक ओर जहां लोगों को अपने बचपन और पुराने दौर की यादों से जोड़ दिया है, वहीं दूसरी ओर नई तकनीक के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को भी सामने रखा है। नेताओं, अभिनेताओं और आम लोगों तक में AI से तैयार की गई रेट्रो तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करने का उत्साह देखने को मिल रहा है।
तस्वीर अपलोड करने से पहले रहें Alert
हालांकि, AI फोटो बनाने के बढ़ते चलन के बीच निजता और डेटा सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतना भी बेहद जरूरी है। विशेषकर युवाओं को किसी भी AI प्लेटफॉर्म पर अपनी निजी तस्वीर अपलोड करने से पहले सतर्क रहना चाहिए। विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी AI टूल का इस्तेमाल करने से पहले उसकी प्राइवेसी पॉलिसी, डेटा इस्तेमाल की शर्तों और तस्वीरों से संबंधित नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। निजी या संवेदनशील तस्वीरों को बिना जानकारी के किसी भी AI प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने से बचना चाहिए।
1980 का पुराना दौर, AI के नए अंदाज में फिर हुआ जीवंत
कुल मिलाकर AI का 80s फोटो ट्रेंड तकनीक और पुरानी यादों का दिलचस्प मेल बनकर सामने आया है। जहां एक तरफ लोग आधुनिक AI के जरिए बीते दौर की तस्वीरों जैसा अनुभव हासिल कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ यह ट्रेंड डिजिटल दुनिया में ‘पुराना दौर, नए अंदाज’ की नई तस्वीर पेश कर रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here