Edited By Kamini, Updated: 17 Feb, 2026 10:28 AM

वन विभाग को सुबह करीब 4.30 बजे डिंगा अंब वन खंड के सीओ/58/जे क्षेत्र के पास खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की पुख्ता सूचना मिली थी।
हीरानगर (लोकेश): हीरानगर क्षेत्र में सक्रिय खैर माफिया के खिलाफ वन विभाग ने आज सुबह तड़के एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध कटाई में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग को सुबह करीब 4.30 बजे डिंगा अंब वन खंड के सीओ/58/जे क्षेत्र के पास खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की पुख्ता सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही ब्लॉक अधिकारी आशीष कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में वन कर्मी नरेश कुमार, संजय सिंह, किशोरी लाल, तेज राम और सुनील कुमार शामिल थे, जो तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में खैर की लकड़ियां लादी जा रही थीं। वन विभाग की टीम को देखते ही अवैध कटाई में शामिल लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। तलाशी के दौरान टीम ने करीब 8 क्विंटल खैर की लकड़ी और 2 हाथ आरी बरामद की। वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत सारा सामान मौके पर ही जब्त कर लिया।
वन अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52 के तहत की गई है। साथ ही खैर प्रबंधन योजना 2016 और संबंधित कानूनी प्रावधानों के उल्लंघन का मामला भी दर्ज किया गया है। जब्त किए गए वाहन और लकड़ी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए विभागीय कब्जे में रखा गया है। वन विभाग ने फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने साफ कहा है कि जंगलों की अवैध कटाई करने वाले खैर माफिया के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगलों को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि पर्यावरण और वन संपदा की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here