Kathua में Alert! संदिग्ध देखे जाने के बाद एक और सनसनी...स्थानीय लोगों से अपील

Edited By Neetu Bala, Updated: 16 Feb, 2026 05:08 PM

another sensation after a suspicious sighting  appeal to locals

इस पूरे घटनाक्रम में एक स्थानीय नागरिक की सूझबूझ और जिम्मेदारी ने न केवल एक संभावित खतरे की सूचना समय रहते प्रशासन तक पहुंचाई, बल्कि आम लोगों के लिए सतर्कता का एक सकारात्मक उदाहरण भी पेश किया है।

कठुआ (लोकेश) :  सीमावर्ती जिला कठुआ इन दिनों सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील दौर से गुजर रहा है। संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी को लेकर पहले से जारी हाई अलर्ट के बीच जखोले गांव में पाकिस्तानी करेंसी का नोट मिलने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में एक स्थानीय नागरिक की सूझबूझ और जिम्मेदारी ने न केवल एक संभावित खतरे की सूचना समय रहते प्रशासन तक पहुंचाई, बल्कि आम लोगों के लिए सतर्कता का एक सकारात्मक उदाहरण भी पेश किया है।

 प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी को सुबह करीब 11:30 बजे जखोले के धन्नी के स्थानीय निवासी किसी निजी कार्य से बाजार जा रहे थे। जब वह धन्नी-रत्ती मैदान के पास पहुंचे तो उनकी नजर जमीन पर पड़ी और 100 रुपए का नोट बरामद हुआ। इस इलाके में पाकिस्तानी करेंसी का मिलना असामान्य होने के कारण उन्होंने तुरंत मामले की गंभीरता को समझा। पहले उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन नोट के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। स्थिति को भांपते हुए स्थानीय निवासी ने जिम्मेदार नागरिक का परिचय दिया और नोट को अपने पास रखने के बजाय तुरंत पुलिस के हवाले करने का निर्णय लिया। उन्होंने पाकिस्तानी नोट पुलिस पोस्ट जखोले में जमा करवा दिया। पुलिस ने नोट को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि पाकिस्तानी करेंसी वहां तक कैसे पहुंची और इसके पीछे कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं है। घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी असामान्य गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील कर रही हैं। गौरतलब है कि सुरक्षा एजेंसियों ने जिले में संभावित घुसपैठ के इनपुट के आधार पर पांच संदिग्ध आतंकियों की तस्वीरें जारी कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार, थाना मल्हार क्षेत्र के गांव मलाड में कल सुबह करीब 6 बजे कुछ स्थानीय लोगों ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां देखीं। बताया गया कि ये लोग हथियारों से लैस थे और मस्जिद के पास नजर आए।  इन आतंकियों के इलाकों में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते पूरे जिले में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। प्रमुख मार्गों पर नाके लगाए गए हैं, वाहनों की सघन जांच की जा रही है और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। जन सहयोग सुनिश्चित करने के लिए 8899761944 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। 


PunjabKesari

अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत इस नंबर पर सांझा करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी ताकि लोग बिना किसी भय के आगे आ सकें। प्रशासन ने साथ ही लोगों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान परिस्थिति में शांति बनाए रखना और सतर्क रहना दोनों समान रूप से जरूरी है। नागरिकों और सुरक्षा एजेंसियों के आपसी सहयोग से ही किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सकता है। फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। जखोले में पाकिस्तानी नोट मिलने की घटना को जांच के व्यापक दायरे में रखा गया है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!