पंजाबियों ने रचा सेवा का इतिहास, Amarnath Yatra में देसी घी के लंगर सहित किए कई इंतजाम

Edited By Neetu Bala, Updated: 06 Jul, 2025 07:15 PM

this group from punjab created history of service

गायक महेश चोपड़ा की भक्ति प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूम उठे।

हीरानगर (लोकेश) : पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की सेवा में एक बार फिर इतिहास रच दिया गया है। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कठुआ जिले के छन्न अरोड़ियां स्थित किशनपुर में पंजाब के मोगा से आए बाबा बर्फानी सेवा मंडल द्वारा लगाए गए प्रदेश के सबसे बड़े और हाईटैक लंगर का 23वां वार्षिक आयोजन रविवार को भव्य रूप से शुरू हुआ। इस लंगर का उद्घाटन कठुआ के उपायुक्त राकेश मिन्हास ने विधिवत रूप से रिबन काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर मंडल के अध्यक्ष चंद्रशेखर सूद, पूर्व एम.एल.सी. सुभाष गुप्ता, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष नरेश शर्मा, बी.डी.सी. अध्यक्ष विजय टगोत्रा सहित सैंकड़ों श्रद्धालु और गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद थे। उद्घाटन के बाद हुए धार्मिक समारोह में गणेश वंदना, शिव आरती और भक्ति गीतों ने माहौल को अलौकिक बना दिया। गायक महेश चोपड़ा की भक्ति प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूम उठे।

PunjabKesari

देसी घी में तैयार पकवान, मिठाई और आइसक्रीम तक की व्यवस्था

इस विशेष लंगर की सबसे बड़ी विशेषता इसका देसीपन और आधुनिकता का संगम है। देसी घी में तैयार भोजन में सुबह की चाय से लेकर रात के भोजन तक विभिन्न व्यंजन परोसे जाते हैं। भोजन के बाद यात्रियों को हलवा, खीर, गुलाब जामुन, जलेबी या आइसक्रीम में से कोई एक मिष्ठान्न परोसा जाता है। यहां तक कि लंगर सेवा में लगे 100 सेवादार दिन-रात भोजन बनाने और परोसने में जुटे रहते हैं।

PunjabKesari

एक हजार श्रद्धालुओं के ठहरने का इंतजाम

मंडल द्वारा बनाए गए पक्के हाल में एक हजार यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। गर्मी से राहत देने के लिए विश्राम गृहों में पंखे और कूलर लगाए गए हैं। 60 शौचालयों की व्यवस्था की गई है जिनमें 30 पुरुषों और 30 महिलाओं के लिए हैं। यात्री वाहनों के लिए अलग से विशाल पार्किंग क्षेत्र और चिकित्सा सुविधा भी यहां उपलब्ध है। साथ ही पुलिस और सी.आई.एस.एफ. जवानों की तैनाती से सुरक्षा में कोई कमी नहीं रखी गई। पूरे लंगर परिसर को सी.सी.टी.वी. कैमरों से कवर किया गया है।

PunjabKesari

सेवा भावना से बना प्रदेश का सबसे बड़ा लंगर

पूर्व एम.एल.सी. सुभाष गुप्ता ने बताया कि आज से 23 वर्ष पहले जब यह लंगर शुरू किया गया था, तब कुछ टीन शैड के नीचे श्रद्धालुओं की सेवा होती थी। लेकिन आज बाबा बर्फानी की कृपा और श्रद्धालुओं के सहयोग से यह लंगर प्रदेश का सबसे बड़ा और सुविधाजनक केंद्र बन चुका है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि बाबा बर्फानी सेवा मंडल मोगा के सेवादार बिना किसी लोभ-लालच के यात्रियों की सेवा में लगे रहते हैं । मंडल के अध्यक्ष चंद्रशेखर सूद ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल भोजन देना नहीं, बल्कि अमरनाथ यात्रा पर आए हर यात्री को अपनापन, सेवा और सुरक्षा का अनुभव कराना है। मंडल हर वर्ष न सिर्फ स्वादिष्ट व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराता है, बल्कि चिकित्सा, जल आपूर्ति, विश्राम और मार्गदर्शन की सेवाएं भी नि:शुल्क देता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!