Edited By Sunita sarangal, Updated: 20 Oct, 2026 10:37 AM

उन्होंने हरियाणा और पंजाब सरकारों सहित संबंधित प्रशासन से मामले का गंभीर संज्ञान लेने, घटनाओं की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने, आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
बारामूला(रिजवान मीर): वागूरा-क्रीरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एडवोकेट इरफान हफीज़ लोन ने हरियाणा के करनाल और पंजाब के लुधियाना में कश्मीरी ड्राइवरों और यात्रियों पर कथित हमलों तथा कश्मीर आने वाले वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाओं की कड़ी निंदा की है।
इन घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि निर्दोष यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों के साथ हिंसा तथा डराने-धमकाने की घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने हरियाणा और पंजाब सरकारों सहित संबंधित प्रशासन से मामले का गंभीर संज्ञान लेने, घटनाओं की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने, आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
लोन ने कहा कि कश्मीरी लोगों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करना आवश्यक है। किसी भी व्यक्ति को उसकी क्षेत्रीय पहचान के आधार पर उत्पीड़न या हिंसा का सामना नहीं करना चाहिए।
उन्होंने उपराज्यपाल प्रशासन और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली जम्मू-कश्मीर सरकार से भी अपील की कि वे इस मामले को हरियाणा और पंजाब के संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाएं तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।
कश्मीर की मेहमाननवाजी, भाईचारे और आपसी सद्भाव की परंपरा का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि समाज में शांति, आपसी सम्मान और एकता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और लोगों में भय पैदा करने के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here