Edited By Subhash Kapoor, Updated: 11 Oct, 2026 11:14 PM
10 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे से 11 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे तक NH-44 पर यातायात की रफ्तार बेहद धीमी रही। उधमपुर के दवाल में सड़क का एक हिस्सा सिंगल लेन होने और सड़क की सतह ऊबड़-खाबड़ होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
जम्मू डैस्क : 10 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे से 11 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे तक NH-44 पर यातायात की रफ्तार बेहद धीमी रही। उधमपुर के दवाल में सड़क का एक हिस्सा सिंगल लेन होने और सड़क की सतह ऊबड़-खाबड़ होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके अलावा, मरोग और किश्तवाड़ी पाथेर के बीच सिंगल लेन सड़क होने, मरोग से रामसू के बीच 4 वाहनों के खराब होने और 11 घुमंतू पशु झुंडों के बनिहाल-नचलाना मार्ग पार करने के कारण भी ट्रैफिक धीमा रहा। घुमंतू पशु झुंडों की आवाजाही जारी रहने के कारण मरोग से किश्तवाड़ी पाथेर के बीच सिंगल लेन मार्ग पर यातायात प्रभावित रहने की आशंका है। वाहन चालकों को लेन अनुशासन का पालन करने और ओवरटेकिंग से बचने की सलाह दी गई है।
NH-44 पर उधमपुर के दवाल में लगभग 30-40 मीटर लंबे सिंगल लेन हिस्से के कारण यातायात को नियंत्रित तरीके से चलाया गया।
यात्रियों और हल्के मोटर वाहन (LMV) चालकों को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दिन के समय यात्रा करने की सलाह दी गई है। रात में पत्थर गिरने, भूस्खलन, घाटी से घुमंतू समुदायों की आवाजाही और रामबन-बनिहाल के बीच निर्माण कार्य के कारण यात्रा से बचने को कहा गया है।
तेल और गैस टैंकरों की आवाजाही पर प्रतिबंध
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दिगडोल-खूनी नाला मार्ग पर NHAI की ओर से चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। इसके चलते कश्मीर जाने वाले तेल और गैस टैंकरों की आवाजाही दिन में सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक इस हिस्से पर प्रतिबंधित रहेगी। ज्वलनशील सामग्री से भरे टैंकरों को सुरंगों से गुजरने की अनुमति नहीं है।
इसलिए जम्मू की ओर से कश्मीर जाने वाले टैंकरों को चेनानी से आगे शाम 5 बजे से सुबह 5 बजे तक ही जाने की अनुमति होगी। टैंकर चालकों को अपनी यात्रा इसी समय के अनुसार निर्धारित करने की सलाह दी गई है। जल्दी खराब होने वाली वस्तुएं और जीवित पशु ले जाने वाले मालवाहक वाहनों को ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी के अनुसार ही माल लोड करने की सलाह दी गई है। रामबन-बनिहाल के बीच पत्थर गिरने, भूस्खलन और निर्माण कार्य के कारण परेशानी हो सकती है।
भारी मोटर वाहन (HMV) चालकों और मालिकों को ओवरलोडिंग से बचने, पर्याप्त ईंधन रखने और यात्रा से पहले वाहनों की फिटनेस जांचने की सलाह दी गई है। यात्रियों को रामबन-बनिहाल के बीच, विशेषकर भूस्खलन और पत्थर गिरने वाले क्षेत्रों के पास, अनावश्यक रूप से वाहन रोकने से बचने को कहा गया है।
12 अक्टूबर 2026 के लिए ट्रैफिक प्लान और एडवाइजरी
1. जम्मू-श्रीनगर हाईवे (NH-44)
मौसम साफ रहने और सड़क की स्थिति बेहतर होने पर हल्के यात्री वाहन, निजी कारें, यात्री वाहन और भारी मालवाहक वाहनों को जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू, दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। वाहन चालकों को लेन अनुशासन का पालन करने की सलाह दी गई है। ओवरटेकिंग और गलत लेन में वाहन चलाने से ट्रैफिक जाम हो सकता है। ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट (TCU) जम्मू और श्रीनगर, रामबन TCU के साथ समन्वय कर सड़क की स्थिति की जानकारी लेंगी।
2. सेना और सुरक्षा बलों के काफिले
मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने पर सुरक्षा बलों के वाहनों को जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू, दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। काफिले रवाना होने से पहले रामबन TCU से हाईवे की स्थिति की पुष्टि करेंगे।
3. किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग हाईवे (NH-244)
SDM छत्रू और SDM कोकरनाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, मौसम साफ रहने और सड़क की स्थिति अनुकूल होने के साथ सड़क रखरखाव एजेंसी NHIDCL से हरी झंडी मिलने पर हल्के यात्री वाहनों और निजी कारों को किश्तवाड़ से श्रीनगर और श्रीनगर से किश्तवाड़, दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी।
- पराना पुलिस पोस्ट से अनंतनाग की ओर वाहन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चल सकेंगे।
- डाकसुम से किश्तवाड़ की ओर वाहन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चल सकेंगे।
- निर्धारित समय के बाद किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
TCU जम्मू, रामबन और श्रीनगर संबंधित अधिकारियों को कट-ऑफ टाइमिंग की जानकारी देंगी।
4. SSG रोड (श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी मार्ग)
कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल होने पर हल्के मोटर वाहनों को श्रीनगर से कारगिल और कारगिल से श्रीनगर, दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी।
- सोनमर्ग से कारगिल और मिनामार्ग से श्रीनगर की ओर हल्के वाहन दोपहर 1 बजे तक चल सकेंगे। इसके लिए सड़क रखरखाव एजेंसियों की हरी झंडी जरूरी होगी।
- भारी मोटर वाहन सोनमर्ग से कारगिल की ओर दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चल सकेंगे।
- शाम 5 बजे के बाद किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
वाहन चालकों को फिसलन भरी सड़क पर बेहतर पकड़ के लिए एंटी-स्किड चेन साथ रखने और इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। TCU श्रीनगर और PCR कारगिल संबंधित लोगों को कट-ऑफ टाइमिंग की जानकारी देंगे।
सुरक्षा बलों के काफिलों को इस तरह अपनी आवाजाही निर्धारित करने को कहा गया है, ताकि आम नागरिकों का यातायात प्रभावित न हो।
5. मुगल रोड (NH-701A)
मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने तथा सड़क रखरखाव एजेंसी GREF से अनुमति मिलने पर हल्के वाहनों के बाद अधिकतम 10 टायर वाले भारी वाहनों को भी पुंछ से शोपियां और शोपियां से पुंछ, दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी।
- चंदिमढ़ (बफलियाज) से शोपियां की ओर वाहन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चल सकेंगे।
- हेरपोरा (शोपियां) से पुंछ की ओर वाहन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चल सकेंगे।
- निर्धारित समय के बाद किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
शोपियां के जिला मजिस्ट्रेट की ओर से जारी आदेशों के अनुसार यह व्यवस्था लागू रहेगी। TCU जम्मू और TCU श्रीनगर संबंधित लोगों को निर्धारित कट-ऑफ टाइमिंग की जानकारी देंगी।