Edited By VANSH Sharma, Updated: 18 Feb, 2026 09:38 PM

जानकारी के अनुसार, बाजार में कुछ लोग मक्खन बेच रहे थे। पैकिंग और गुणवत्ता पर संदेह होने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता को सूचना दी गई।
राजौरी (शिवम): राजौरी शहर के मलिक मार्केट में बुधवार सुबह फूड सेफ्टी विभाग ने छापेमारी कर करीब 40 किलोग्राम संदिग्ध गुणवत्ता का मक्खन जब्त किया। यह मक्खन बिना किसी ब्रांड, लेबल, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और लाइसेंस नंबर के खुले में बेचा जा रहा था, जिससे इसकी गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार, बाजार में कुछ लोग मक्खन बेच रहे थे। पैकिंग और गुणवत्ता पर संदेह होने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता को सूचना दी गई। इसके बाद उन्होंने तुरंत विभाग को जानकारी दी। सूचना मिलते ही सहायक आयुक्त तारिक महमूद और फूड सेफ्टी अधिकारी नवनीत गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पाया गया कि उत्पाद पर आवश्यक जानकारी अंकित नहीं थी, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। अधिकारियों ने मौके पर ही पूरा मक्खन जब्त कर लिया और सैंपल लैब जांच के लिए भेज दिए। प्रारंभिक जांच में मक्खन की गुणवत्ता संदिग्ध बताई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि यह मक्खन अनंतनाग से लाकर यहां बेचा जा रहा था। व्यापार मंडल और स्थानीय दुकानदारों ने विभाग की कार्रवाई का स्वागत किया और बाजार में नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खरीदारी करते समय हमेशा उत्पाद की पूरी जानकारी जरूर जांचें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here