Edited By Sunita sarangal, Updated: 29 Apr, 2026 10:31 AM

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और सुगम आवागमन को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हुए, 30 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को वंदे भारत उद्घाटन विशेष (ट्रेन संख्या 02601) का शुभारंभ होने जा रहा है।
जम्मू(तनवीर सिंह): उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और सुगम आवागमन को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हुए, 30 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को वंदे भारत उद्घाटन विशेष (ट्रेन संख्या 02601) का शुभारंभ होने जा रहा है।
8 कोच की जगह 20 कोच वाली ट्रेन में सफर करेंगे यात्री
जानकारी के अनुसार यह आधुनिक 20-कोच वाली वंदे भारत ट्रेन जम्मू तवी (JAT) से अपनी पहली यात्रा शुरू करेगी, जो घाटी के कठिन भौगोलिक क्षेत्रों को जोड़ते हुए श्रीनगर तक का सफर तय करेगी। बता दें कि इससे पहले सिर्फ 8 कोच वाली ट्रेन में ही लोग सफर करते थे लेकिन इस बार 20 कोचों के साथ यह ट्रेन पटरी पर दौड़ेगी जिससे यात्रियों को बहुत लाभ मिलेगा। इस महत्वपूर्ण सेवा की शुरुआत होने से पहले जम्मू से श्रीनगर तक चलने वाली वंदे भारत का आज दिनांक 28 अप्रैल को जम्मू से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक ट्रायल किया गया।
यह रहेंगी वंदे भारत ट्रेन की Timings
उद्घाटन के दौरान चलने वाले वंदे भारत ट्रेन की समय सारिणी पर बात करें तो, उद्घाटन तौर पर ट्रेन संख्या 02601 दिनांक 30 अप्रैल 2026 को 20 कोचों के साथ अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अपनी कुल दूरी 267 किलोमीटर तय करेगी। यह ट्रेन सुबह 10:30 बजे जम्मू से चलकर 15:05 पर श्रीनगर पहुंचेगी। बता दें कि ट्रेन के लिए रास्ते में केवल एक ही स्टेशन पर स्टोपेज है जो कि कटरा स्टेशन है। कटरा स्टेशन पर ट्रेन पूरे 5 मिनट तक रूकेगी और फिर सीधा श्रीनगर तक का सफर तय करेगी।
इतना होगा किराया
इस ट्रेन के चलने में अभी एक दिन ही शेष रह गया है। कल से सभी यात्रियों को इस ट्रेन में सफर करने का लाभ प्राप्त होगा। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर इसका किराया कितना होगा। फिलहाल अभी तक तो भारतीय रेलवे विभाग की ओर से इसके किराए के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि इसका किराया 1500 से 2500 तक हो सकता है।
सीधा जम्मू तवी स्टेशन से श्रीनगर तक का सफर करेगी ट्रेन
इस ट्रेन के चलने से यात्रियों को बहुत लाभ होगा। पहले यात्रियों को कटरा से श्रीनगर के लिए ट्रेन पकड़नी पड़ती थी लेकिन अब सीधा जम्मू तवी स्टेशन से ट्रेन में यात्रा कर लोग अपनी मंजिल तक पहुंच पाएंगे और उन्हें कटरा स्टेशन तक अलग ट्रेन में बैठ कर नहीं जाना पड़ेगा।
यात्रियों को मिलेंगी कई सुविधाएं
इस विशेष ट्रेन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्री उचित सिंघल ने बताया कि स्वदेशी तकनीक से निर्मित यह वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों को विश्व स्तरीय अनुभव प्रदान करेगी। इसमें यात्रियों की सुरक्षा के लिए कवच प्रणाली, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली और आरामदायक रोटेटिंग कुर्सियों जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। यह सेवा न केवल यात्रा के समय को कम करेगी बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी भारी बढ़ावा देगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here