Edited By Neetu Bala, Updated: 03 Oct, 2026 08:02 PM

भाजपा के राज्यसभा सांसद एवं गुजरात प्रभारी तरुण चुग, जो पूर्व में जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रभारी भी रह चुके हैं, ने उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर तीखा हमला बोला है।
जम्मू : भाजपा के राज्यसभा सांसद एवं गुजरात प्रभारी तरुण चुग, जो पूर्व में जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रभारी भी रह चुके हैं, ने उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एनसी व कॉंग्रेस की गठबंधन सरकार राज्य के दर्जे के मुद्दे की आड़ में अपना स्वायत्तता का दानवी व विनाशकारी एजेंडा आगे बढ़ा रही है और manifesto के वायदे पूरे न करने एवं बुनियादी शासन और जन सुविधा में अपनी नाकामी, नाकामयाबी और नौसिखियापन से जनता का ध्यान भटका रही है।
चुग ने कहा कि प्रस्तावित प्रस्ताव केवल राजनीतिक नौटंकी है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के पटल पर ही जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की प्रतिबद्धता जता चुके हैं। उन्होंने कहा, "उमर अब्दुल्ला अप्रासंगिक मुद्दों पर बात करना बंद करें और अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करें। जनता नौकरियों, विकास और किए गए वादों पर जवाब मांग रही है।"
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा लगातार मजबूत हो रही है और राष्ट्रवाद की रक्षा व विकास की गति तेज करने के लिए नए लोग निरंतर पार्टी से जुड़ रहे हैं। इसके उलट, नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने विकास तथा जनता के प्रति अपने मूल दायित्व से मुंह मोड़कर विभाजनकारी एजेंडा अपना लिया है। सड़क, रेल और बुनियादी ढांचे में दिख रही प्रगति प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि और मोदी सरकार की पहलों का परिणाम है।

उमर सरकार को जम्मू-कश्मीर की अब तक की सबसे विफल सरकार बताते हुए चुग ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल की तरह पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के फलने-फूलने की उम्मीद थी, लेकिन मौजूदा प्रशासन की नीतिगत पंगुता प्रदेश की क्षमता को बांध रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक जनहित की रक्षा के लिए चट्टान की तरह डटे रहेंगे और विधानसभा में सशक्त एवं रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। जनता के बढ़ते सवालों और असंतोष ने ही उमर को ध्यान भटकाने पर मजबूर किया है, यहां तक कि NC के भीतर भी नकारात्मक राजनीति से थकान है।
चुग ने दोहराया कि मोदी सरकार राज्य के दर्जे के प्रति दृढ़ संकल्पित है और NC का प्रस्ताव "अपनी खाल बचाने" का बहाना भर है। उन्होंने उमर को अलगाववादी राजनीति से सावधान करते हुए कहा कि इससे जनता का कोई कल्याण नहीं होगा। "जम्मू-कश्मीर बदल चुका है, 1990 के दशक की गंदी राजनीति मत कीजिए," उन्होंने कहा। जनता को रोज़गार, विकास और वादों की पूर्ति चाहिए।
SIR पर चुग ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने और चुनावी शुचिता सुनिश्चित करने के लिए अनिवार्य है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस की सरकारों के दौरान एसआईआर 12 बार हुआ, और पूछा कि तब कांग्रेस ने चुनाव आयोग को एक-व्यक्ति संस्था क्यों बने रहने दिया। उन्होंने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने और अपने "विदेशी आकाओं" को खुश करने के लिए भारत की नकारात्मक छवि गढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि चुनाव प्रक्रिया सचमुच दूषित है, तो कांग्रेस हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और अन्य राज्यों में कैसे जीती। साथ ही कांग्रेस पर जॉर्ज सोरोस को खुश करने के लिए बहाने गढ़ने का आरोप भी लगाया।
खिलाड़ियों व पायलट को सलाम: चुग ने एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने उस भारतीय पायलट को भी नमन किया जिसकी बहादुरी से लगभग 200 जानें बचीं। उन्होंने कहा कि 9/11 जैसे हादसे को टालने वाले पायलट के साहस की दुनिया ने प्रशंसा की, जबकि कांग्रेस इस वीरता को स्वीकारने में विफल रही। प्रधानमंत्री मोदी की पायलट से बातचीत राष्ट्रीय गौरव का क्षण थी।
"तोड़फोड़ की नहीं, विकास की राजनीति": चुग ने कहा कि भाजपा रचनात्मक विकास की राजनीति में विश्वास रखती है, "तोड़फोड़ की राजनीति" में नहीं। उन्होंने कांग्रेस पर ऐतिहासिक रूप से सरकारों को अस्थिर करने का आरोप लगाया और कहा कि जम्मू-कश्मीर तथा एनसी के भीतर मौजूदा अराजकता उमर की विफलताओं का नतीजा है। उन्होंने कहा कि उमर लगातार अलग-थलग पड़ते जा रहे हैं और विकास पर उनके पास कोई उत्तर नहीं है। मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत के रूपांतरण और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर आज पूरा विश्व उसे देख रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here