Edited By Sunita sarangal, Updated: 24 Oct, 2026 12:12 PM

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, थाना राजौरी की टीम सलानी क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी।
राजौरी(शिवम): राजौरी जिले में नशा तस्करी और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान तेज करते हुए राजौरी पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से हेरोइन जैसा मादक पदार्थ और प्रतिबंधित श्रेणी की दवाइयां बरामद की हैं। दोनों मामलों में संबंधित थानों में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एन.डी.पी.एस.) के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, थाना राजौरी की टीम सलानी क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक पैदल जा रहे व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोककर उसकी तलाशी ली गई। उसकी पहचान धनिधार, राजौरी निवासी शादाब हुसैन शाह पुत्र कमाल हुसैन शाह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.52 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। इस संबंध में थाना राजौरी में प्राथमिकी संख्या 548/2026 दर्ज की गई है।
दूसरी कार्रवाई में थाना दरहाल की पुलिस ने नाका जांच के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे हिलताक, दरहाल निवासी अमजद अली पुत्र बीकार माजिद को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड लिखे 5 एम्प्यूल और टैपेंटाडोल लिखी 200 गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने इस संबंध में थाना दरहाल में प्राथमिकी संख्या 87/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
राजौरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच एवं नाकाबंदी अभियान जारी रहेंगे। नशीले पदार्थों से संबंधित अपराधों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here