Edited By Neetu Bala, Updated: 06 Mar, 2026 12:29 PM

जम्मू-कश्मीर में इन दिनों असामान्य रूप से तेजी से तापमान बढ़ रहा है।
जम्मू ( रोशनी ) : जम्मू-कश्मीर में इन दिनों असामान्य रूप से तेजी से तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग द्वारा जम्मू शहर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की सामान्य स्थिति से पूरे 8.1 डिग्री अधिक है। मार्च के पहले सप्ताह में इतनी अधिक गर्मी लोगों के लिए हैरान करने वाली रही है। यह गर्मी लोगों को मार्च महीने की शुरुआत में ही मई महीने की गर्मी का एहसास करवा रही है।
कश्मीर घाटी भी इस गर्मी की चपेट में है। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 11.7 डिग्री ज्यादा है। पहाड़ी इलाकों में भी तापमान में जबरदस्त उछाल देखा गया। गुलमर्ग का अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 13.7 डिग्री अधिक है। यह इस मौसम के लिए सबसे बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है। कुपवाड़ा में तापमान 23.7 डिग्री तक पहुंचा, जहां 11.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। पहलगाम का तापमान 20.8 डिग्री जो 10.8 डिग्री से अधिक रहा, बनिहाल में 27.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जिसमें 13.1 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। बटोट में 12.6 डिग्री, कटरा में 9.6 डिग्री और भद्रवाह में 10.1 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। न्यूनतम तापमान में भी लगातार वृद्धि हो रही है। बीते दिन गुलमर्ग, बनिहाल और बटोट जैसे इलाकों में रात का तापमान सामान्य से करीब 7.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। श्रीनगर का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री (2.9 डिग्री अधिक) और जम्मू का 15.5 डिग्री (3.2 डिग्री अधिक) रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में जम्मू कश्मीर में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। 7 से 9 मार्च के बीच हल्के बादल छाए रह सकते हैं और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि आने वाले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here