Edited By Subhash Kapoor, Updated: 29 Mar, 2026 09:20 PM

जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय ने 30 मार्च 2026 के लिए ताजा ट्रैफिक प्लान और एडवाइजरी जारी की है। इसमें यात्रियों और वाहन चालकों को मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जम्मू डैस्क : जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय ने 30 मार्च 2026 के लिए ताजा ट्रैफिक प्लान और एडवाइजरी जारी की है। इसमें यात्रियों और वाहन चालकों को मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 28 मार्च शाम 4 बजे से 29 मार्च शाम 4 बजे तक जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (NH-44) पर मारोग और किश्तवारी पाथर के बीच सिंगल लेन ट्रैफिक और दो भारी वाहनों के खराब होने के कारण यातायात धीमा रहा।
ट्रैफिक विभाग ने यात्रियों और हल्के वाहनों (LMV) चालकों को सलाह दी है कि वे जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दिन के समय ही सफर करें। रात के समय यात्रा से बचने को कहा गया है, क्योंकि पत्थर गिरने, भूस्खलन और रामबन-बनिहाल के बीच चल रहे निर्माण कार्य के कारण खतरा बना हुआ है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने पर NH-44 पर दोनों तरफ से हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, इसके लिए संबंधित ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट (TCU) लगातार हालात पर नजर रखेगी।
सुरक्षा बलों के वाहनों को भी दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी, लेकिन उन्हें पहले सड़क की स्थिति की पुष्टि करनी होगी।वहीं, किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग (NH-244) मार्ग को प्रशासन के आदेश के अनुसार फिलहाल वाहनों के लिए बंद रखा गया है।
श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी (SSG) रोड पर ताजा बर्फबारी के चलते मिनामर्ग से श्रीनगर की ओर यातायात प्रभावित रहा। 30 मार्च को केवल एंटी-स्किड चेन लगे हल्के वाहनों को ही कारगिल से श्रीनगर जाने की अनुमति दी जाएगी। यह आवाजाही सुबह 10:30 बजे तक ही सीमित रहेगी, क्योंकि जोजिला क्षेत्र में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है।
मुगल रोड पर भी सीमित समय के लिए ही वाहनों को चलने की अनुमति दी गई है। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही हल्के वाहन दोनों दिशाओं में आवाजाही कर सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे लेन अनुशासन का पालन करें और ओवरटेकिंग या गलत लेन में गाड़ी चलाने से बचें, ताकि जाम और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।