Edited By Neetu Bala, Updated: 26 Oct, 2026 06:23 PM

जम्मू स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शुरू की गई यह सुविधा तवी रिवर फ्रंट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम पहल है।
जम्मू (विक्की) : तवी रिवर फ्रंट पर पिछले कुछ महीनों से बंद पड़ी बोटिंग सेवा फिर शुरू होने की उम्मीद है। भगवती नगर पुल के पास तवी नदी में चल रहे निर्माण कार्य के पूरा होने और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद लोग दोबारा बोटिंग का आनंद ले सकेंगे। जम्मू स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शुरू की गई यह सुविधा तवी रिवर फ्रंट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम पहल है।
पिछले कुछ दिनों से बंद है यह सुविधा
तवी में बोटिंग की शुरुआत इस साल 28 जनवरी को दो दिवसीय ‘तवी बोटिंग फेस्टिवल’ के दौरान ट्रायल के रूप में हुई थी। इसके बाद 3 जुलाई 2026 से अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए इसे नियमित रूप से शुरू किया गया। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से यह सुविधा बंद है।
जम्मू स्मार्ट सिटी परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुनील थूसू ने बताया कि भगवती नगर पुल के पास तवी नदी में बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हुई प्रोटेक्शन वॉल को दोबारा बनाने का काम लोक निर्माण विभाग (आरएंडबी) की ओर से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोटिंग तवी रिवर फ्रंट की स्थायी सुविधा होगी। बारिश के दौरान साल के कुछ महीनों तक इसे बंद रखा जाएगा, जबकि बाकी महीनों में जम्मूवासी और पर्यटक इसका आनंद ले सकेंगे। निर्माण कार्य पूरा होने और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद बोटिंग फिर शुरू हो सकेगी। उन्होंने कहा कि बोटिंग दोबारा शुरू होने की सटीक समय-सीमा के बारे में फिलहाल कुछ कहना संभव नहीं है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here