Edited By Neetu Bala, Updated: 26 Oct, 2026 02:25 PM

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल कर्मियों को इसे काबू करने के लिए कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार तड़के करीब 3:15 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
जम्मू ( तनवीर सिंह ) : जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिव मार्केट में रविवार देर रात भीषण आग लगने से करीब 40 दुकानें जलकर राख हो गई हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा बाजार लपटों की चपेट में आ गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 बजे बाजार में आग लगी। इसमें मुख्य रूप से खाद्य सामग्री, सूखे मेवे और कंबल बेचने वाली दुकानें प्रभावित हुईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल कर्मियों को इसे काबू करने के लिए कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार तड़के करीब 3:15 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
संकरी सड़क बनी चुनौती
बाजार तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रभावित दुकानों तक सीधे पहुंचना मुश्किल होने के चलते दमकल टीमों ने बाजार के पिछले हिस्से से आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान आग को आसपास की दुकानों और अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए गए।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में एक दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है। तेज हवा के चलते आग ने तेजी से आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझने के बाद बाजार में तबाही का मंजर दिखाई दिया। दुकानों में रखा सामान और ढांचे पूरी तरह जल गए। इस घटना से उन दुकानदारों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है, जिनकी आजीविका इसी बाजार पर निर्भर थी। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here