Edited By Neetu Bala, Updated: 01 Apr, 2026 04:51 PM

यह कदम श्रीनगर स्टेशन पर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाला भोजन और आधुनिक खान-पान सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
जम्मू ( तनवीर ) : उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल द्वारा पहली बार श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर 'फूड वैन' (Food Van) के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई है। यह कदम श्रीनगर स्टेशन पर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाला भोजन और आधुनिक खान-पान सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
अनुबंध के संबंध में विस्तारपूर्वक बात करें तो, इस निविदा को ₹11,77,786 प्रति वर्ष की लाइसेंस फीस पर आवंटित किया गया है। यह अनुबंध आगामी 5 वर्षों की अवधि के लिए प्रभावी होगा। इस पूरी अवधि के लिए अनुबंध का कुल मूल्य ₹69,48,937.40 निर्धारित किया गया है। यह आने वाले समय में पर्यटकों का मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा।
श्रीनगर रेलवे स्टेशन के इतिहास में यह पहली बार है जब फूड वैन सेवा के लिए आधिकारिक निविदा जारी की गई है। इस पहल से पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही स्वच्छ और किफायती भोजन के विकल्प उपलब्ध होंगे।
इस सफल टेंडर प्रक्रिया से रेलवे के गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि विभाग यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने और स्टेशनों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। श्रीनगर जैसे प्रमुख पर्यटन केंद्र पर इस तरह की सेवाओं का विस्तार क्षेत्र में रेलवे की सेवाओं को और अधिक सुलभ और आधुनिक बनाएगा।"
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here