Edited By VANSH Sharma, Updated: 27 Mar, 2026 08:45 PM

जम्मू-कश्मीर से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है।
श्रीनगर (मीर आफताब): जम्मू-कश्मीर से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। जम्मू-कश्मीर के ज़ोजिला दर्रे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी हिमस्खलन (एवलांच) की चपेट में आने से एक यात्री वाहन दब गया, जिसमें सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, वाहन ज़ोजिला दर्रे से गुजर रहा था, तभी अचानक पहाड़ से भारी बर्फ और मलबा गिर पड़ा और वाहन उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भयानक था कि कई लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को मलबे से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बचाव दल इलाके में फंसे अन्य लोगों की तलाश में अभियान चला रहा है।

इस घटना पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि ज़ोजिला दर्रे पर हिमस्खलन में 7 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने खराब मौसम और भारी बर्फबारी को देखते हुए लोगों से ज़ोजिला दर्रे की यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here