Edited By Sunita sarangal, Updated: 04 May, 2026 12:29 PM

जम्मू-कश्मीर मौसम विभाग ने दोनों संभागों में आज भी तेज हवाओं और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है।
जम्मू(रोशनी): जम्मू-कश्मीर मौसम विभाग ने दोनों संभागों में आज भी तेज हवाओं और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय लोगों को सूर्यदेव के दर्शन हुए, लेकिन उसके बाद आसमान में बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं। इससे जम्मू का मौसम कुछ हद तक सुहावना रहा और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार आज भी जम्मू संभाग के अधिकतर इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में हल्की बारिश और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने इस अवधि के दौरान आम जनता को पुराने पेड़ों, तारों, बिजली के खंभों और जर्जर इमारतों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे इस दौरान शिकार, बोटिंग, राफ्टिंग जैसी गतिविधियों को स्थगित रखें।
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार आज जम्मू का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं श्रीनगर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here