Edited By Neetu Bala, Updated: 07 Feb, 2026 01:49 PM

जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत में कई सार्वजनिक सुविधाएं लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं।
जम्मू ( तनवीर ) : जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत में कई सार्वजनिक सुविधाएं लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। इसी कड़ी में डोगरा चौक पर स्थित यात्री शेड का हाल बेहद खराब है, जो यात्रियों को राहत देने की बजाय मुश्किलें बढ़ा रहा है। यह शेड मेटाडोर स्टॉप के पास बनाया गया है ताकि मेटाडोर और बसों आदि का इंतजार करने वाले लोग धूप-बारिश से बच सकें, लेकिन इसकी खस्ताहाल स्थिति ने इसे बेकार बना दिया है। शेड की छत पूरी तरह से जर्जर और ओपन है। बारिश के दौरान पानी सीधे अंदर आता है, जबकि तेज धूप में छत से गुजरकर गर्मी और भी बढ़ जाती है। छत के ऊपर एक पेड़ की टहनियां और शाखाएं लटक रही हैं, जो शेड को और भी असुरक्षित बना रही हैं।
सबसे बड़ी समस्या इसकी ऊंचाई और चढ़ने की व्यवस्था की कमी है। शेड पर चढ़ने के लिए कोई सीढ़ियां या स्टेप्स नहीं बनाए गए हैं। लोगों को लोहे की पोल या सपोर्ट पकड़कर जैसे-तैसे ऊपर चढ़ना पड़ता है, जो बेहद जोखिम भरा है। स्थानीय यात्रियों ने इस मुद्दे पर गहरी नाराजगी जताई है। एक युवक ने बताया कि जवान लोग तो किसी तरह चढ़ जाते हैं, लेकिन बुजुर्ग, बच्चे, महिलाएं और बीमार व्यक्ति कैसे इसकी सीट तक पहुंचेंगे? उन्होंने कहा कि शेड इतना ऊंचा है कि सामान्य व्यक्ति भी आसानी से नहीं चढ़ पाता। एक अन्य यात्री ने 'पंजाब केसरी' से बातचीत में कहा कि यह सुविधा नाम की ही रह गई है। लोग बसों का इंतजार करते हैं, लेकिन शेड का कोई फायदा नहीं उठा पाते। यह समस्या जम्मू नगर निगम की लापरवाही को उजागर करती है।
शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कई दावे किए जाते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की देखभाल नहीं हो रही। यात्रियों की मांग है कि नगर निगम तुरंत इस शेड की मुरम्मत करे। प्रॉपर सीढ़ियां बनाई जाएं, छत को मजबूत और बंद किया जाए, ताकि सभी वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें। यदि ऐसी सुविधाएं अधूरी और खराब हालत में छोड़ दी जाएंगी, तो स्मार्ट सिटी के सपने सिर्फ कागजी ही रह जाएंगे। लोगों ने निगम से अपील की है कि जल्द से जल्द इस शेड को उपयोगी बनाया जाए, अन्यथा ऐसी सुविधाएं जनता के लिए आफत साबित होती रहेंगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here