Edited By Sunita sarangal, Updated: 01 Sep, 2026 11:26 AM

गौरतलब है कि इससे पहले गौरव सिकरवार राजौरी के एस.एस.पी. का दायित्व संभाल रहे थे।
राजौरी(शिवम बक्शी): उपराज्यपाल प्रशासन की ओर से हाल ही में किए गए पुलिस प्रशासनिक फेरबदल के बाद जे.के.पी.एस. अधिकारी नरेश सिंह ने सोमवार को राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) का पदभार संभाल लिया। जिला पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
गौरतलब है कि इससे पहले गौरव सिकरवार राजौरी के एस.एस.पी. का दायित्व संभाल रहे थे। प्रशासन की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के तहत उनका तबादला किए जाने के बाद नरेश सिंह को राजौरी का नया एस.एस.पी. नियुक्त किया गया था। सोमवार को नरेश सिंह ने औपचारिक रूप से जिले की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल ली।
पदभार ग्रहण करने के बाद एस.एस.पी. नरेश सिंह ने जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा स्थिति, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सहित पुलिस की मौजूदा कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की।
राजौरी जिला सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। जिले की सीमाएं नियंत्रण रेखा से लगती हैं और समय-समय पर घुसपैठ के प्रयास, संदिग्ध गतिविधियां तथा मादक पदार्थों की तस्करी जैसी चुनौतियां सामने आती रही हैं। ऐसे में नए एस.एस.पी. के समक्ष जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाना अहम चुनौती रहेगी।
एस.एस.पी. नरेश सिंह ने अधिकारियों और जवानों को पेशेवर रवैये, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण करने तथा लोगों को त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here