Edited By Neetu Bala, Updated: 23 May, 2026 08:36 PM

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान, विभिन्न सुरागों और अन्य सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए भगवान चक, तहसील खौर, जिला जम्मू में छापेमारी की।
सांबा ( अजय ) : सांबा पुलिस ने बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को थाना बाड़ी ब्राह्मणा को सूचना मिली थी कि अनुराधा पत्नी अजय कुमार निवासी वार्ड नंबर 7, चन्नी करथोली, तहसील बाड़ी ब्राह्मणा का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस संबंध में एफआईआर नंबर 128/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत थाना बाड़ी ब्राह्मणा में दर्ज की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान, विभिन्न सुरागों और अन्य सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए भगवान चक, तहसील खौर, जिला जम्मू में छापेमारी की। वहां से छैल सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी भगवान चक, तहसील खौर, जिला जम्मू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और तकनीकी जांच में आरोपी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतका के बीच लगातार फोन पर संपर्क था। जांच में यह भी पता चला कि दोनों रिश्तेदार थे और कथित तौर पर उनके बीच अवैध संबंध थे, जिसके चलते पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी मृतका के घर पहुंचा था, जहां दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से महिला की हत्या कर दी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 20 मई 2026 को आरोपी छैल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त है और वर्तमान में रिलायंस सिक्योरिटी सर्विसेज, मुंबई में कार्यरत है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया है। इस पूरे मामले का खुलासा थाना बाड़ी ब्राह्मणा की टीम ने SHO बाड़ी ब्राह्मणा के नेतृत्व में, एसडीपीओ बाड़ी ब्राह्मणा तथा SSP सांबा के मार्गदर्शन में किया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here