Edited By VANSH Sharma, Updated: 01 Apr, 2026 10:49 PM

पुलिस ने इस दौरान नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई अहम उपलब्धियां दर्ज की हैं।
जम्मू (तनवीर सिंह): जम्मू जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जम्मू पुलिस ने साल 2026 की पहली तिमाही (1 जनवरी से 31 मार्च) में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस दौरान नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई अहम उपलब्धियां दर्ज की हैं।
जम्मू पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पहले तीन महीनों में NDPS एक्ट के तहत 88 FIR दर्ज की गईं और 127 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही नशा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 40 वाहनों को भी जब्त किया गया। खास बात यह है कि 79 मामले केवल हेरोइन (चिट्टा) से जुड़े हैं, जिनमें 117 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि 88 मामलों में से 7 मामले कमर्शियल क्वांटिटी के हैं, जिनमें 6 हेरोइन और 1 अन्य नशे का मामला शामिल है। इन मामलों में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जम्मू पुलिस अब बड़े ड्रग तस्करों को PIT NDPS के तहत बुक करने और उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी कर रही है।
₹65 करोड़ की हेरोइन बरामद
इस अभियान के दौरान पुलिस ने 10 किलो 757 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ₹65 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। यह बरामदगी नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
176 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए जम्मू पुलिस ने 176 ड्रग अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित किए। इनमें स्कूल और कॉलेजों में कार्यक्रम, 18 PCPG मीटिंग और 12 थाना दिवस शामिल रहे। इन कार्यक्रमों में युवाओं को नशे के नुकसान और इससे दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।
ड्रग हॉटस्पॉट पर विशेष नजर
जम्मू पुलिस ने संदिग्ध ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर खास फोकस करते हुए वहां CCTV कैमरे, FRS-लिंक्ड कैमरे और ANPR कैमरे लगाने का काम शुरू किया है। बस स्टैंड, बॉर्डर पॉइंट और इंटरस्टेट नाकों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
डि-एडिक्शन सेंटर में 451 मरीज पहुंचे
नशा छोड़ने वालों की मदद के लिए ड्रग डि-एडिक्शन, रिहैबिलिटेशन और मेंटल हेल्थ केयर सेंटर, चन्नी जम्मू में इस साल की पहली तिमाही में 451 मरीज OPD में पहुंचे, जबकि 87 मरीजों को IPD में भर्ती कर इलाज दिया गया। पुलिस प्रशासन इन सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
जनता से सहयोग की अपील
जम्मू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं नशा तस्करी या नशे का सेवन होता दिखे तो 100 या 112 नंबर पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जम्मू पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिला जम्मू को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here