Edited By Neetu Bala, Updated: 25 Mar, 2026 11:09 AM

जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल हुई है।
जम्मू ( तनवीर सिंह ) : जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल हुई है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक सुनियोजित कार्रवाई के तहत 7 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चरस तस्करी के संबंध में प्राप्त विशेष सूचना के आधार पर NCB टीम ने सिधरा, जम्मू में कार्रवाई करते हुए सागर सिंह (पुत्र जगन नाथ), निवासी नेरघल, गनोते, डाकघर कांथी, जिला रामबन को JK19A-7916 नंबर की मारुति ईको गाड़ी सहित पकड़ा।
पूछताछ के दौरान सागर सिंह के खुलासे के आधार पर टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए उसके सहयोगी और चचेरे भाई राजेश कुमार (पुत्र राम नाथ), निवासी मानसर, चानी मानसर, जिला सांबा को गिरफ्तार किया। उसे यूको बैंक, दिगियाना (जम्मू) के पास एक यात्री बस (नंबर JK21K-9657) से पकड़ा गया, जहां से उसके कब्जे से 7.169 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
बताया जा रहा है कि आरोपी सांबा जिले के मानसर मोड़ से भागकर बस में सवार हुआ था, लेकिन NCB टीम ने उसे जीवन नगर के पास दबोच लिया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here