Edited By VANSH Sharma, Updated: 05 Aug, 2026 11:17 PM

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास बुधवार शाम लैंडमाइन विस्फोट में सेना के दो जवान घायल हो गए।
पुंछ (धनुज शर्मा): जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास बुधवार शाम लैंडमाइन विस्फोट में सेना के दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, मेंढर सेक्टर के कांगा गली इलाके में जवान एक लैंडमाइन को निष्क्रिय करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें दोनों जवान घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद दोनों जवानों को उपचार के लिए सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले सेना की गश्ती टीम को उक्त लैंडमाइन दिखाई दी थी। इसके बाद विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया था।
उन्होंने बताया कि घुसपैठ रोकने के लिए एलओसी के अग्रिम इलाकों में लैंडमाइन बिछाई जाती हैं। हालांकि, कई बार बारिश के कारण ये अपने स्थान से बहकर अन्य जगहों पर पहुंच जाती हैं, जिससे खतरा बढ़ जाता है।
इस बीच, पुंछ के नालवा देगवार तेरवां इलाके से एक जंग लगा विस्फोटक भी बरामद किया गया। बाद में सेना के बम निरोधक दस्ते ने उसे सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, यह विस्फोटक संभवतः एक हैंड ग्रेनेड था, जिसे सड़क निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूरों ने देखा और इसकी सूचना प्रशासन को दी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here