Edited By Sunita sarangal, Updated: 03 Nov, 2026 07:07 PM

निरीक्षण के दौरान खामियां पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई...
साम्बा(संजीव): त्यौहारों के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रामगढ़ क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। विभाग की संयुक्त टीम ने हलवाइयों, टी-स्टालों, ढाबे आदि खाने-पीने के विभिन्न दुकानों की जांच की और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कई दुकानदारों के चालान काटे।
कार्रवाई के दौरान टी.एस.ओ. (तहसील सप्लाई आफिसर) रामगढ़ राम मूर्ति, टी.एस.ओ. विजयपुर दीपक कुमार और टी.एस.ओ. घगवाल देविंद्र कुमार शामिल रहे। टीम ने दुकानों में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, रखरखाव और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही खाद्य सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों की अनुपालना भी जांची।
निरीक्षण के दौरान खामियां पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई, जबकि कुछ दुकानदारों को चेतावनी देकर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों के भंडारण, गुणवत्ता और दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़ी लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
गौरतलब है कि त्यौहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट और गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं की आशंका भी रहती है। ऐसे में विभाग की इस कार्रवाई को बाजार में खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here