Edited By Sunita sarangal, Updated: 03 Nov, 2026 07:08 PM

सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजौरी आशिक रफीक मलिक की देखरेख में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभागीय टीम ने कुल 116 वाहनों की जांच की।
राजौरी(शिवम बक्शी): परिवहन आयुक्त जम्मू-कश्मीर विशेष पॉल महाजन के निर्देशों पर मोटर वाहन विभाग राजौरी की ओर से राजौरी-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 मिनी बसों को जब्त किया गया।
सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजौरी आशिक रफीक मलिक की देखरेख में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभागीय टीम ने कुल 116 वाहनों की जांच की। जांच के दौरान विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर 12 चालान काटे गए और 31,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, नियमों की अवहेलना करने वाले तीन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश भी की गई।
अभियान के दौरान वाहन चालकों और संचालकों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अभियान में मोटर वाहन निरीक्षक लखविंदर सिंह चिब, सहायक मोटर वाहन निरीक्षक नितिन सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
इस मौके पर ए.आर.टी.ओ. आशिक रफीक मलिक ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए जिलेभर में इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन संचालकों और आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने तथा विभाग को सहयोग देने की अपील की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here