Samba में ड्रग माफिया का भंडाफोड़, करोड़ों का नशीला पदार्थ बरामद

Edited By Neetu Bala, Updated: 09 Feb, 2026 06:39 PM

drug mafia busted in samba narcotics worth crores seized

बरामदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि इसके पीछे संगठित ड्रग माफिया नैटवर्क सक्रिय है,

साम्बा (संजीव) :  साम्बा जिले में नकली करंसी के एक मामूली दिखने वाले मामले ने अंतर्राज्यीय ड्रग माफिया नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने एक आरोपी (फैक्टरी ड्राइवर) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.937 किलो कोकीन जैसे नशीले पदार्थ की बरामदगी की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 19.37 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।

बैंक में नकली नोट जमा करवाने से हुई मामले की शुरुआत

मामले की शुरुआत 3 फरवरी, 2026 को उस समय हुई, जब पंजाब नैशनल बैंक, बाड़ी ब्राह्मणा शाखा में 9000 रुपए के नकली नोट जमा कराए गए। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस थाना बाड़ी ब्राह्मणा में एफ.आई.आर. नंबर 59/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल मोहम्मद पुत्र गुलाम रसूल, निवासी डिगियाना आश्रम के पास, जम्मू (वर्तमान निवासी जलालाबाद, सुंजवां) के रूप में हुई। आरोपी पेशे से चालक है, लेकिन उसके बैंक खातों में लाखों रुपए की संदिग्ध राशि मिलने से पुलिस को किसी बड़े आपराधिक नैटवर्क की आशंका हुई। जानकारी के अनुसार आरोपी के बैंक खातों में 20 लाख से अधिक राशि पाई गई है।

लंबे समय से कर रहा था ड्रग्स की सप्लाई

एस.एस.पी. साम्बा वरिन्द्र मन्हास के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (सिट) द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ड्राइवर टूट गया और उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से कोकीन की सप्लाई और तस्करी में शामिल है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी अकेले काम नहीं कर रहा था, बल्कि वह ड्रग माफिया के लिए कैरियर और सप्लायर की भूमिका निभा रहा था।

फैक्टरी के गैराज को बना रखा था स्टोरेज-सप्लाई प्वाइंट

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जिंदल कोको फैक्टरी, बाड़ी ब्राह्मणा स्थित गैरेज से 2 पैकेट कोकीन बरामद किए, जिन्हें बेहद पेशेवर तरीके से छिपाया गया था। पुलिस का मानना है कि यह स्थान ड्रग्स की अस्थायी स्टोरेज और सप्लाई प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी जगह पर वह नशे की खेप छिपा कर रखता था और नशा तस्करों को सप्लाई करता था।

अंतर्राष्ट्रीय ड्रग माफिया नैटवर्क से भी जुड़े हो सकते हैं तार

पुलिस सूत्रों के अनुसार इतनी बड़ी मात्रा में कोकीन की बरामदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि इसके पीछे संगठित ड्रग माफिया नैटवर्क सक्रिय है, जिसके तार जम्मू, पंजाब और अंतर्राष्ट्रीय सीमावर्ती इलाकों से जुड़े हो सकते हैं। बरामद नशीले पदार्थ को स्थानीय युवाओं में खपाने की साजिश से भी इंकार नहीं किया जा रहा। पूरी कार्रवाई मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई और मामले में एन.डी.पी.एस. एक्ट की सख्त धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस अब आरोपी के फोन कॉल डिटेल्स, डिजिटल ट्रांजैक्शन, बैंकिंग नैटवर्क और संभावित हैंडलर्स व फाइनैंसरों की कड़ियां खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई ड्रग माफिया के खिलाफ बड़ी लड़ाई की शुरुआत है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बड़े खुलासे संभव हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और जांच लगातार जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!