Edited By Sunita sarangal, Updated: 07 Jul, 2026 01:05 PM

तीर्थयात्रियों के लगातार आने से आज श्रद्धालुओं की कुल संख्या के एक लाख का आंकड़ा पार करने की उम्मीद है।
बालटाल(मीर आफताब): वार्षिक अमरनाथ यात्रा में तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। यात्रा के पांचवें दिन 28,818 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए। इसके साथ ही, 3 जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 85,779 हो गई है। सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।
तीर्थयात्रियों के लगातार आने से आज श्रद्धालुओं की कुल संख्या के एक लाख का आंकड़ा पार करने की उम्मीद है। इस बीच कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच, मंगलवार तड़के जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से निकला छठा जत्था सुरक्षित कश्मीर पहुंच गया।
बालटाल जाने वाला काफिला सुबह 3:10 बजे रवाना हुआ, जबकि पहलगाम जाने वाला काफिला सुबह 3:50 बजे पुलिस, CRPF और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की सुरक्षा में निकला। इस काफिले में 267 वाहन शामिल थे, जिनमें 126 बसें, 32 मीडियम मोटर वाहन (MMV), 104 लाइट मोटर वाहन (LMV) और पांच दोपहिया वाहन शामिल थे।
प्रशासन ने यात्रा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए दोनों मार्गों पर व्यापक सुरक्षा, चिकित्सा और लॉजिस्टिकल इंतजाम किए हैं। इनमें चौबीसों घंटे निगरानी, ट्रैफिक कंट्रोल, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रा अब तक शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। अच्छे मौसम और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हर दिन हजारों श्रद्धालु पवित्र गुफा मंदिर के दर्शन कर रहे हैं। एक अधिकारी ने कहा कि पूरी यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी उपाय किए गए हैं। अब तक कई विदेशी नागरिकों ने भी यह यात्रा की है।
57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 3 जुलाई को गांदरबल में बालटाल स्थित कैंप और पहलगाम में नुनवान बेस कैंप, दोनों जगहों से शुरू हुई थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here